इंदौर

30 दिन के बच्चे के पेट में पल रहा था उसका जुड़वां! इंदौर के डॉक्टरों ने 4 घंटे सर्जरी कर निकाला अविकसित भ्रूण

Fetus In Fetu Rare Surgery : सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में 'फीटस-इन-फीटू' (बच्चे के अंदर बच्चा) का दुर्लभ मामला सामने आया। हाथ-पैर और रीढ़ की हड्डी विकसित थी। करीब 4 घंटे चली जटिल सर्जरी। 5 लाख बच्चों में एक में ये जन्मजात विकृति मिलती है।
2 min read
• •
Updated: 18 Nov 2026, 6:20 PM IST
Fetus In Fetu Rare Surgery
सफल सर्जरी के बाद बच्चे के साथ परिवार और डॉक्टर्स की टीम (फोटो सोर्स: Patrika)

Indore News :मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में स्थित सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग के डॉक्टरों ने एक महीने के नवजात बच्चे का दुर्लभ जन्मजात विकृति फीटस-इन-फीटू का सफल ऑपरेशन कर उसे नई जिंदगी दी है। इस बच्चे के शरीर में उसका ही अविकसित जुड़वां भ्रूण मौजूद था। जांच में इस भ्रूण के दो हाथ, दो पैर, जननांग और रीढ़ की हड्डी का कुछ हिस्सा भी विकसित मिला। करीब 4 घंटे चली जटिल सर्जरी में डॉक्टरों की टीम ने इसे सफलतापूर्वक बाहर निकालकर शिशु को नया जीवन दिया।

मामला शहर के जूनी इलाके में रहने वाले कुनाल वर्मा और दीपमाला के 30 दिन के बेटे अयांश का है। गर्भावस्था के 8वें महीने में ही जांच के दौरान डॉक्टरों ने बच्चे में इस दुर्लभ विकृति की आशंका जताई थी। जन्म के बाद परिजन उसे सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग लेकर पहुंचे। यहां विस्तृत जांच के बाद ऑपरेशन करने का फैसला लिया गया। विभागाध्यक्ष डॉ. अशोक लड्ढा के नेतृत्व में शिशु शल्य चिकित्सा और एनेस्थीसिया विशेषज्ञों की संयुक्त टीम ने जटिल सर्जरी को अंजाम दिया।

NICU में रखकर की गई विशेष देखभाल

ऑपरेशन के बाद नवजात को विशेष निगरानी और देखभाल के लिए सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग के एनआईसीयू में रखा गया। इस दुर्लभ स्थिति में शरीर के भीतर मौजूद अविकसित भ्रूण को सुरक्षित तरीके से निकालना चुनौतीपूर्ण होता है। इसमें आसपास के अंगों और रक्त वाहिकाओं को सुरक्षित रखना भी जरूरी होता है।

ये होती है फीटस-इन-फीटू विकृति

फीटस-इन-फीटू बेहद दुर्लभ जन्मजात विकृति है। इसे आम भाषा में 'बच्चे के अंदर बच्चा' होना भी कहा जाता है। चिकित्सा विज्ञान के अनुसार, ये जुड़वां गर्भधारण से जुड़ी असामान्य स्थिति है। इसमें गर्भावस्था के शुरुआती चरण में विकसित हो रहे जुड़वां भ्रूणों में से एक अविकसित भ्रूण दूसरे अपेक्षाकृत सामान्य रूप से विकसित हो रहे भ्रूण के शरीर के भीतर समाहित हो जाता है। इसके बाद वो परजीवी भ्रूण की तरह दूसरे बच्चे के शरीर में मौजूद रहता है और फिर विकसित नहीं हो पाता।

पांच लाख जीवित जन्मों में से होता है एक केस

इसकी दुर्लभता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि, करीब पांच लाख जीवित जन्मों में इसका एक मामला सामने आता है। इसके करीब 80 प्रतिशत मामले पेट के पीछे स्थित रेट्रोपेरिटोनियल स्पेस में पाए जाते हैं। इसकी पहचान में रीढ़ की हड्डी जैसी संरचना और हाथ-पैर समेत शरीर के विभिन्न अंगों के विकसित होने के संकेत महत्वपूर्ण होते हैं। इसका प्रमुख उपचार सर्जरी के जरिए अविकसित भ्रूण को बाहर निकालना है।

डॉक्टरों की टीम में ये रहे शामिल

ऑपरेशन करने वाली टीम में विभागाध्यक्ष डॉ. अशोक लड्ढा के साथ डॉ. बृजेश लाहोटी, डॉ. मनीष कुमार जौलया, डॉ. अदिति शर्मा, डॉ. ऐश्वर्या खरे, डॉ. कार्तिकेय जैन और डॉ. किंजल वेदांत शामिल रहे। एनेस्थीसिया विभाग से डॉ. दीप्ति सक्सेना, डॉ. सौम्य सेठिया, डॉ. श्रेया चौरसिया, डॉ. प्रतीक राजनकर और डॉ. श्रद्धा चौरसिया ने सहयोग दिया। एमजीएम मेडिकल कॉलेज डीन डॉ. अरविंद घनघोरिया और अस्पताल अधीक्षक डॉ. डीके शर्मा के मार्गदर्शन में यह प्रक्रिया पूरी की गई।

Updated on:
18 Nov 2026, 6:20 PM IST
Published on: