MP News: 3000 से अधिक पुलिसकर्मी ड्यूटी पर रहेंगे, जिनमें थाना बल, ट्रैफिक पुलिस, महिला पुलिस, क्राइम ब्रांच, क्यूआरटी, एफआरवी और रिजर्व फोर्स शामिल है।
MP News: नववर्ष की पूर्व संध्या पर शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इंदौर पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए है। 31 दिसंबर की रात हुड़दंग या कानून उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस कमिश्नरेट अलर्ट मोड पर है और शहरभर में विशेष निगरानी रखी जाएगी। पुलिस के अनुसार प्रमुख चौराहों, मॉल, पब, होटल, रेस्टोरेंट, फार्म में हाउस, कॉलोनियों के प्रवेश मार्ग और हाईवे से जुड़े इलाकों में चेकिंग प्वाइंट बनाए जाएंगे। रातभर पेट्रोलिंग के साथ ड्रिंक एंड ड्राइव अभियान चलाया जाएगा।
3000 से अधिक पुलिसकर्मी ड्यूटी पर रहेंगे, जिनमें थाना बल, ट्रैफिक पुलिस, महिला पुलिस, क्राइम ब्रांच, क्यूआरटी, एफआरवी और रिजर्व फोर्स शामिल है। ड्रिंक एंड ड्राइव के मामलों में जीरो टॉलरेंस अपनाई जाएगी। ब्रेथ एनालाइजर से जांच कर तय सीमा से अधिक शराब पाए जाने पर वाहन सीज किए जाएंगे और ड्राइविंग लाइसेंस जब्त किए जाएंगे। सड़क पर हुड़दंग, स्टंटबाजी, तेज आवाज में डीजे, सार्वजनिक स्थानों पर नशा या महिलाओं से अभद्रता पर तत्काल केस दर्ज किया जाएगा।
पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने लोगों से अपील की कि नशे में वाहन न चलाएं, नियमों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि नववर्ष शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से मनाया जा सके।
बायपास और बाहरी इलाकों में होने वाली पार्टियों को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। फार्म हाउस, होटल, पब और बार की सूची तैयार कर आयोजकों को तय समय और नियम पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। अनुमति के बिना या तय समय के बाद कार्यक्रम कराने पर सख्त कार्रवाई होगी।