
Indore 8 Year Old Boy Drowning Pit: मध्यप्रदेश के इंदौर शहर के गांधी नगर थाना क्षेत्र के नया बसेरा इलाके में रविवार को हुए एक हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। यहां पानी के गड्ढे में डूबने से एक 8 साल के बच्चे की मौत हो गई। बच्चा घर से खेलने जाने की बात कहकर निकला था और फिर काफी देर तक वापस नहीं लौटा। बच्चे के न लौटने पर परिजन ने उसकी खोजबीन शुरू की, इसी दौरान गड्ढे के पास बच्चे के कपड़े नजर आए और फिर पानी में वंश का शव नजर आया।
नया बसेरा इलाके में रहना 8 साल का वंश चौथी कक्षा का छात्र था। रविवार को स्कूल की छुट्टी होने के कारण वो सुबह दादी से खेलने जाने का कहकर घर से निकला था। इसके बाद वंश दोपहर तक घर वापस नहीं आया। वंश के वापस न लौटने पर परिजन उसे ढूंढने निकले तो पानी के गड्ढे के पास वंश के कपड़े नजर आए। आशंका होने पर गड्ढे के पानी में खोज करने पर वंश नजर आया। परिजनों ने तुरंत उसे बाहर निकाला और अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन तब तक देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की।
आसपास रहने वाले बच्चों ने बताया है कि वंश गड्ढे में नहाने जाने की बात कह रहा था। परिजनों के मुताबिक वंश की मां का पहले ही निधन हो चुका है और वो अपनी दादी व पिता के साथ रहता था। पिता विशाल शहर में मेट्रो निर्माण का काम कर रही निजी कंपनी में काम करते हैं। वंश इकलौता बेटा था, उसके इस तरह से छोड़कर चले जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया पानी के गड्ढे में डूबने से मौत होना प्रतीत हो रहा है, फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।