इंदौर

लव मैरिज के तीन महीने बाद ही नवविवाहिता ने की खुदकुशी, मोबाइल खोलेगा मौत का राज

शादी के बाद परिवार से अलग रह रहे थे पति-पत्नी..घर में नवविवाहिता ने लगाई फांसी..  
2 min read
• •
Updated: 26 Aug 2022, 6:04 PM IST
indore_suicide.jpg

इंदौर. महज तीन महीने पहले घरवालों की मर्जी के खिलाफ लव मैरिज करने वाली युवती ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना इंदौर शहर के खजराना इलाके की है जहां गुरुवार रात को नवविवाहिता का शव उसके ही घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला। युवती के परिजन ने ससुराल पक्ष पर दहेज मांगने का आरोप लगाया है। बताया गया है कि लव मैरिज के बाद युवती व उसका पति परिवारों से अलग रह रहे थे। घटनास्थल से कोई सुसाइड नहीं मिला है जिसके कारण फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।

3 महीने पहले की थी लव मैरिज
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक खजराना इलाके में रहने वाली नवविवाहिता दीप शिखा ने गुरुवार रात घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। दीपशिखा ने करीब तीन महीने पहले ग्वालियर के रहने वाले युवक शुभम शर्मा के साथ परिवारवालों की मर्जी के खिलाफ लव मैरिज की थी और लव मैरिज के बाद से ही शुभम व दीपशिखा अपने अपने परिवारों से अलग खजराना इलाके में किराए का मकान लेकर रह रहे थे। पति शुभम चार से पांच कैफे का मैनेजमेंट संभालता है। गुरुवार रात को पति शुभम ने ही पुलिस को दीपशिखा के फांसी लगाने की सूचना पुलिस को दी थी जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरु की।

मोबाइल खोलेगा मौत का राज
पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। जिसके कारण आत्महत्या की वजह का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने दीपशिखा का मोबाइल भी जब्त किया है जिसकी जांच की जाएगी। वहीं पोस्टमार्टम के दौरान पहुंचे दीपशिखा के परिजन ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं।

Published on: