
भोपाल. हिमाचल प्रदेश से एक बड़ी खबर सामने आई है जो मध्यप्रदेश से जुड़ी हुई है। मध्यप्रदेश के श्रद्धालुओं से भरी एक यात्री बस हिमाचल प्रदेश के मुबारकपुर के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में 34 श्रद्धालु सवार थे जिनमें से 11 लोग घायल हुए हैं और उनमें से दो की हालत गंभीर है। बताया जा रहा है कि बस में सवार सभी श्रद्धालु मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले के बोरखेड़ी चारण गांव के रहने वाले हैं। जो 18 अगस्त को बस से धार्मिक स्थलों के दर्शन करने के लिए निकले मंदसौर से निकले थे।
चिंतापूर्णी माता मंदिर से लौटते वक्त हादसा
जानकारी के मुताबिक बस क्रमांक MP-14 PA-0151 शुक्रवार को अम्ब उपमंडल के मुबारकपुर के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। बस के पलटते ही चीख पुकार मच गई। घटना का पता चलते ही हिमाचल प्रदेश पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे में घायल हुए लोगों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया। हादसा उस वक्त हुआ जब बस चिंतपूर्णी माता मंदिर से दर्शन कराकर श्रद्धालुओं को लेकर कुरुक्षेत्र की ओर लौट रही थी। बस पलटने से बस में सवार 11 लोग घायल हुए हैं जिन्हें पास के ही अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है।
18 अगस्त को मंदसौर से निकले थे लोग
बताया गया है कि बस में सवार सभी लोग मंदसौर जिले के बोरखेड़ी चारण गांव के रहने वाले हैं जो धार्मिक स्थलों के दर्शन करने के लिए 18 अगस्त को मंदसौर से बस के द्वारा रवाना हुए थे। हादसे में घायल हुए बस ड्राइवर और एक महिला गोपाली बाई की हालत गंभीर बताई गई है। अब तक जिन घायलों के नाम सामने आए हैं उनमें नरसिंह पुत्र जेताराम, सुनील पुत्र गोपाल, रुकमणी बाई पति जेतराम, प्रेम बाई नरसिंह शामिल हैं।
Published on:
26 Aug 2022, 5:03 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.