इंदौर

इंदौर में कैलाश विजयवर्गीय को चुनौती दे सकती है विरोधी टीम, दीपावली मिलन के बहाने हुई लॉबिंग

MPradesh Politics: इंदौर विकास प्राधिकरण अध्यक्ष पद के लिए सुदर्शन गुप्ता की दावेदारी मजबूत हो रही है। उन्हें दो विधायक और प्रदेश महामंत्री समेत कई नेताओं का समर्थन मिला है।
2 min read
• •
Updated: 13 Nov 2026, 3:40 PM IST
कैलाश विजयवर्गीय, (Photo Source: @KailashOnline X हैंडल)
कैलाश विजयवर्गीय, (Photo Source: @KailashOnline X हैंडल)

Indore news: मध्यप्रदेश में इंदौर विकास प्राधिकरण (आइडीए) में राजनीतिक बोर्ड को लेकर भाजपा में मंथन अंतिम दौर में चल रहा है तो दावेदारों ने भी अपनी पूरी ताकत लगा दी है। सबसे बड़े दावेदार सुदर्शन गुप्ता की राह आसान हो सकती है, उन्हें दो विधायक और प्रदेश महामंत्री का साथ मिल रहा है। कल दीपावली मिलन के बहाने टीम ने नेताओं से मिली और सुदर्शन की लॉबिंग में पीछे नहीं रही। उनकी एकजुटता ने वरिष्ठों को प्रभावित भी किया। बीते दिन भोपाल में भाजपा नेताओं का मजमा लगा हुआ था। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माताजी के त्रयोदशी संस्कार एवं श्रद्धांजलि सभा में शामिल होने के लिए प्रदेश तो ठीक देशभर से बड़े दिग्गज नेता शामिल हुए थे। ऐसे में इंदौर के पांच नेताओं का तैयार हुआ नया गुट खासी चर्चाओं में रहा।

इसमें प्रदेश भाजपा के महामंत्री गौरव रणदिवे, विधायक मनोज पटेल, मालिनी गौड़ और सावन सोनकर के साथ पहली बार विधायक रहे सुदर्शन गुप्ता नजर आए। ये नेता केंद्रीय मंत्री चौहान के यहां श्रद्धांजलि सभा में शामिल होने के साथ विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के यहां भी साथ नजर आए। उनको छोड़कर बाकी भाजपा संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी और रात को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भी मिलने पहुंचे। बड़ी बात ये है कि चारों नेताओं की पटरी काबीना मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से नहीं बैठती है। सभी के एक साथ घूमने और नेताओं से मुलाकात की खासी चर्चा रही। माना जा रहा है कि इंदौर में कैलाश के विरोध में ये गुट दमदारी से खड़ा होकर मजबूत हो गया है। पहले सुमित्रा महाजन (ताई) विरोध करती थीं, लेकिन उनके राजनीति से दूर होने की वजह से ये संतुलन बिगड़ गया था।

एक ये भी है समीकरण

विधायक मालिनी गौड़ और मनोज पटेल के खुलकर गुप्ता के समर्थन करने पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पर्दे के पीछे की कहानी और समीकरण ये भी है कि ये दोनों ही नेता केंद्रीय मंत्री चौहान और विधानसभा अध्यक्ष तोमर के खास हैं। कैलाश समर्थक हरिनारायण यादव के बजाय उनके विरोधी के तौर पर गुप्ता को आइडीए अध्यक्ष पद पर नियुक्त किया जाता है तो सीधे तौर वे इंदौर में मजबूत होंगे। वर्तमान में दोनों ही नेताओं की इंदौर से पकड़ कमजोर हो गई है।

ऐसे जम रहा सुदर्शन का खेल

वैसे सुदर्शन गुप्ता मुख्य रूप से विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के खास माने जाते हैं तो उन्हें केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी पसंद करते हैं। इस बात का अंदाजा यूं ही लगाया जा सकता है कि जब सिंधिया गुट के विधायकों को बेंगलूरु में रखना था तो साथ रहने की जिम्मेदारी उन्हें दी थी। चौहान और तोमर के साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी चाहते हैं कि गुप्ता आइडीए अध्यक्ष बने। ऐसे में चौकड़ी में शामिल होने से गुप्ता का सीधा फायदा हो रहा है। टीम अब उनकी लॉबिंग कर रही है जिसकी वजह से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी राजी हो सकते हैं। पिछले दिनों रणदिवे के आग्रह पर ही वे चुनरी यात्रा में शामिल हुए थे।

Updated on:
13 Nov 2026, 3:40 PM IST
Published on: