इंदौर

MP News: पद के लिए तरस रहे भाजपा कार्यकर्ता, विधायक नहीं दे रहे नाम

MP news: सीएम मोहन यादव चाहते हैं कि सभी राजनीतिक पदों पर कार्यकर्ताओं की नियुक्तियां हो जाए। चौंकाने वाली बात ये है कि इंदौर में कुछ विधायक नाम देने के मूड में नहीं है।
2 min read
May 14, 2026
BJP
BJP

MP Political Appointments: भाजपा सरकार और संगठन लगातार प्रयास कर रहे है कि कार्यकर्ताओं को भी सत्ता का स्वाद चखाया जाए, लेकिन इंदौर में विधायकों की बेरुखी भारी पड़ रही है। समिति और संगठन में पद के लिए नाम मांगे गए जिसको लेकर कई बार याद भी दिलाया गया। इसके बावजूद विधायक रुचि नहीं दिखा रहे है। इसका एक कारण यह भी बताया जा रहा है कि पद गिनती के है और कार्यकर्ता बहुत ज्यादा जिससे विरोध की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। (MP news)

सीएम की प्लानिंग- कार्यकर्ताओं की हो नियुक्तियां

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (CM Mohan Yadav) चाहते हैं कि सभी राजनीतिक पदों पर कार्यकर्ताओं की नियुक्तियां हो जाए। इसको लेकर प्रदेश भाजपा नेतृत्व के साथ पिछले कुछ महीनों से लगातार मंथन चल रहा है। निगम मंडलों के साथ कुछ प्राधिकरणों में भी नियुक्तियां हो गई है और ये सिलसिला जिला समितियों तक जारी रहे इसको लेकर स्थानीय इकाइयों से नाम मांगे गए हैं। साथ में स्पष्ट निर्देश दिए है कि सूची में सभी विधायकों के साथ कोर कमेटी के सदस्यों की पसंद का भी ध्यान रखा जाए। समन्वय से नियुक्तियां हों ताकि विवाद की स्थिति ना बने।

नाम देने के मूड में नहीं विधायक

इसको लेकर नगर व जिला भाजपा ने कोर कमेटी की बैठक बुलाई थी जिसमें सभी विधायक सहित अन्य सदस्यों से सूची मांग ली थी। 25 से अधिक समितियां हैं जिसमें 250 से अधिक कार्यकर्ताओं को उपकृत किया जा सकता है। इसको लेकर विधायक रमेश मेंदोला सहित एक अन्य ने तुरत-फुरत सूची बनाकर दे दी ताकि कार्यकर्ताओं को भी सत्ता में रहने का अहसास रहे। चौंकाने वाली बात ये है कि कुछ विधायक नाम देने के मूड में नहीं है। नहीं चाहते हैं कि कार्यकर्ताओं से बुराई हो और वे किसी विवाद में उलझे। गिनती के कार्यकर्ता बनेंगे और नाराज होने वालों की फौज खड़ी हो जाएगी।

संगठन के लिए भी नहीं दे रहे नाम

नगर भाजपा का प्रशिक्षण वर्ग 30 और 31 मई को होना है जिसके पहले 40 कार्यकारिणी सदस्य बनाए जाने है। बड़ी बात ये है कि अधिकांश विधायकों ने अब तक नाम नहीं दिए है। हर विधानसभा से चार से पांच कार्यकर्ताओं को लिया जाएगा। इधर, प्रदेश संगठन ने साफ कर दिया है कि निर्धारित समय पर वर्ग होना चाहिए। बताया जा रहा है कि विधायक नाम नहीं देंगे तो संगठन अपनी पसंद से नियुक्तियां कर देगा। (MP news)

Published on:
14 May 2026 05:36 pm