
NEET- एमपी में नीट NEET के कारण हुई मौतों की संख्या में और इजाफा हो सकता है। एग्जाम देने गई इंदौर की एक छात्रा का शव मिला है। उसका शव नर्मदा में उतराता मिला। पुलिस का मानना है कि स्टूडेंट ने बड़वाह के नर्मदा के पुल से छलांग लगाकर खुदकुशी कर ली। आशंका जताई जा रही है कि वह नीट NEET की परीक्षा देने के बाद अवसाद में आ गई थी। घटना से पहले छात्रा ने अपने पिता को आखिरी कॉल किया था। उसने किसी राहगीर के फोन से पिता को कॉल कर बताया कि मेरा मोबाइल बंद हो गया है, कुछ देर में घर आ जाउंगी। इसके बाद स्टूडेंट लापता हो गई। बाद में वह बड़वाह पहुंची और नर्मदा में कूद गई।
इंदौर की 20 साल की स्टूडेंट निक्की यादव का शव संदिग्ध हालात में मिला। वह महू सेंटर पर री-नीट की परीक्षा देने गई थी। इसके बाद निक्की यादव लापता हो गई। सोमवार को उसका शव मिला।
खरगोन जिले के महेश्वर में निक्की यादव की लाश नर्मदा में उतराते मिली। करही थाना क्षेत्र अंतर्गत गांववालों ने उसका शव देखा और पुलिस को सूचित किया।
परिजनों ने बताया कि रविवार को परीक्षा के बाद से ही वह लापता थी। भंवरकुआं पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की थी। इंदौर निवासी पेशे से अकाउंटेंट पिता रामानंद यादव (53) ने रिपोर्ट में बताया कि बेटी ने रविवार रात करीब 8 बजे किसी राहगीर के मोबाइल से फोन किया था। कहा था कि मेरा मोबाइल बंद हो गया है। बस से भंवरकुआं चौराहा तक आ गई हूं। थोड़ी देर में घर पहुंच जाऊंगी।
काफी समय बीतने के बाद भी निक्की नहीं लौटी तो परिजन परेशान हो उठे। उन्होंने सहेलियों, रिश्तेदारों और संभावित जगहों पर तलाश की, पर पता नहीं चला। पुलिस को छात्रा की आखिरी लोकेशन बड़वाह में मिली। सोमवार दोपहर करीब 2 बजे महेश्वर के करही थाना क्षेत्र के पीटामली नर्मदा तट पर ग्रामीणों ने युवती का शव देखा। पुलिस ने हुलिए और कपड़ों के आधार पर उसकी शिनाख्त निककी यादव के रूप में की।
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक आशंका जताई जा रही है कि परीक्षा के बाद छात्रा अवसाद में बड़वाह पहुंची और नर्मदा के पुल से छलांग लगाकर खुदकुशी कर ली। थाना प्रभारी संतोष दूधी ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 9 बजे शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा। भंवरकुआं और करही पुलिस मिलकर मौत के असल कारणों और परिस्थितियों की विस्तृत जांच कर रही है।