
इंदौर. ओंकारेश्वर व महाकाल दर्शन कर लौट रहे मुंबई के एक परिवार की कार रात 3 बजे भेरूघाट में खराब हो गई। भयभीत परिवार ने कंट्रोल रूम को सूचना दी। कुछ ही देर में डायल 100 ( Dial 100 ) पहुंची तो परिवार की जान में जान आई। पुलिस उन्हें लेकर मानपुर पहुंची और होटल में ठहराया। आधी रात को मदद करने परपरिवार ने पुलिस का आभार माना।
22 जुलाई की रात 3.03 बजे कंट्रोल रूम भोपाल पर फोन आया कि एक कार एबी रोड पर भेरूघाट में खराब हो गई है। आसपास जंगल व सुनसान इलाका है और उन्हें मदद चाहिए। उनके साथ महिलाएं और बच्चे भी हैं जो अंधेरे के कारण काफी डर गए हैं। सूचना मिलने पर कुछ ही देर में मानपुर की डायल 100 में तैनात प्रधान आरक्षक महादेव व राजकुमार पहुंच गए।
अंधेरी ईस्ट मुंबई के राजू निवालकर व प्रशांत चौहान के परिवार की 4 महिलाएं, 2 पुरुष व 2 बच्चे गाड़ी में थे। पुलिस ने परिवार को घेरे में लिया। इसके बाद कार को अपने स्तर पर सुधारने की कोशिश की। जब सफल नहीं हुए तो पहले कार को सुरक्षित खड़ा कराया, फिर उन्हें मानपुर लाकर एक होटल में रुकने की व्यवस्था कराई। रात में परिवार वहां ठहरा और फिर सुबह मैकेनिक लेकर कार सुधरवाने के लिए पहुंचे।
बाणगंगा क्षेत्र में मिले 7 साल के बच्चे को परिजन को सौंपा
इधर दूसरी ओर एक अन्य घटना में मरीमाता चौराहे के पास एक बच्चे के लावारिस अवस्था में घूमने की सूचना मिली। डॉयल 100 में तैनात आरक्षक रामकेश राठौर व पायलेट राजेश जाधव मौके पर पहुंचे। करीब 7-8 साल के बच्चे ने अपना नाम चिराग बताया, लेकिन घर के बारे में जानकारी नहीं दे रहा था। उसे डॉयल 100 में बैठाकर टीम ने आसपास की कॉलोनियों में तलाश की।
इस दौरान बच्चे ने अपने स्कूल का नाम बताया तो रात में टीम वहां पहुंची। चौकीदार से प्रिंसिपल का नंबर लेकर बात की। प्रिंसिपल ने बच्चे का रिकार्ड निकलवाया और परिवार का नंबर दिया। नंबर पर कॉल करने पर पता चला, बच्चा मल्हारगंज क्षेत्र में रहता है। उसे माता-पिता को सौंप दिया। बच्चे के नहीं मिलने से परेशान परिजन ने राहत की सांस ली।