
CBSE Board Exam 2026: इन दिनों एमपी बोर्ड और सीबीएसई की परीक्षाएं चल रही है। इस बीच इंदौर में सोशल मीडिया पर असामाजिक तत्व सक्रिय हैं, जो रुपए लेकर एक दिन पहले पेपर उपलब्ध कराने का दावा कर रहे है। बातचीत के दौरान पेपर का कवर पेज भरोसे के लिए भेजा जा रहा है। खुलेआम चल रही इस गतिविधि का जिम्मेदार अनदेखी कर रहे है। अगर यह सही है या फिर फ्रॉड, दोनों ही स्थिति में पुलिस और शिक्षा विभाग के अफसरों को इस पर कार्रवाई करनी चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है।
पत्रिका से कुछ जागरुक पालको ने संपर्क कर इस तरह की गतिविधि होने की बात कही। एक छात्रा सोशल मीडिया के 4 ग्रुप पर जुड़ी थी। उसे ग्रुप पर बताया गया कि हर परीक्षा के पेपर मिल जाएंगे। जब छात्रा ने संबंधित से बात की तो दावा किया गया कि 3 हजार रुपए में वो सीबीएसई 12वीं का कैमेस्ट्री का पेपर (Class 12th Chemistry Exam) दे देगा। कई ग्रुपों पर ऐसी गतिविधियां संचालित हो रही है। (MP News)
इस स्थिति में पालकों से माथे पर चिता की लकीरें हैं। उनका कहना है कि अगर पेपर की बात सही है तो यह गलत हो रहा है। इस पर रोक लगनी चाहिए, क्योंकि जो बच्चे मेहनत के पढ़ाई करते हैं उनके साथ अन्याय है। अगर यह ठगों का जाल है तो कहीं बच्चे इनके चक्कर में पड़कर ठगी शिकार न हो जाए। इस पर अधिकारियों को ध्यान देकर कार्रवाई करनी चाहिए।
पत्रिका टीम ने पैरेंट्स द्वारा बताए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से संपर्क किया तो एक व्यक्ति ने कहा कि 12वीं कैमेस्ट्री का पेपर मिल जाएगा। इसके लिए तीन हजार रुपए देने होंगे। जब रिपोर्टर ने कहा, कैसे मान लें कि यह सही है तो उसने पेपर का फ्रंट पेज कुछ जानकारी छिपाकर भेज दिया।
सीबीएसई के पेपर लीक नहीं हो सकते हैं। पेपर बैंक में सुरक्षित होते हैं। हो सकता है कि यह फ्रॉड हो। बच्चे और पेरेंट्स इनके चक्कर में न पढ़ें।- उत्तम कुमार झा, सीबीएसई कोऑर्डिनेटर (MP News)