इंदौर

‘छात्रों की गूंज’ में बोले राहुल गांधी- स्टूडेंट्स भारत के भविष्य, उनके बिना देश मजबूत नहीं हो सकता

Chhatron Ki Goonj : 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने कहा- आज हिंदुस्तान के स्टूडेंट्स खुश नहीं हैं। क्योंकि, वो परेशान हैं, उनपर बहुत दबाव है, उन्हें उन्हीं का भविष्य नहीं दिख रहा है।
3 min read
Chhatron Ki Goonj
'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में छात्रों के साथ राहुल गांधी (फोटो सोर्स: Patrika)

Indore News : मध्य प्रदेश के आर्थिक शहर इंदौर में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में आए छात्रों से संबोधन शुरु कर दिया है। कार्यक्रम के 5वें एडिशन में उन्होंने 'सिस्टम बनाम स्टूडेंट्स' विषय पर करीब 60 मिनट बातचीत की है। आपको बता दें कि, कार्यक्रम के लिए शहर के आईडीए ग्राउंड पर 20 से 25 हजार युवा पहुंचे। हालात ये हैं कि, 20 हजार क्षमता वाला मैदान पूरी तरह से फुल हो चुका है, जबकि हजारों की संख्या में छात्र अब भी मैदान के बाहर खड़े हैं। वहीं, कई युवा अब जगह न मिल पाने के कारण वापस भी लैट रहे हैं।

'शिक्षा के सिस्टम को चलाना सरकार की जिम्मेदारी'

'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में राहुल गांधी (फोटो सोर्स: MP Congress X Handle)

कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने देश की बिगड़ती शिक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना भी साधा है। राहुल गांधी ने कहा कि, 'शिक्षा के सिस्टम को चलाना और सुधारना, सरकार की जिम्मेदारी है, किसी बिजनेसमैन का काम नहीं है, लेकिन देश में उल्टा हो रहा है, पहले आईआईटी, आईआईएम बने, केन्द्रीय विद्यालय बने, जवाहर नवोदय विद्यालय बने लेकिन आज देश में हजारों लाखों सरकारी स्कूल बंद हो गए हैं।'

एमपी कांग्रेस ने किए खास पोस्ट

'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में शामिल हुए युवा (फोटो सोर्स: Patrika)

कार्यक्रम से जुड़ी खास बातों को मध्य प्रदेश कांग्रेस ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर एक के बाद एक कई पोस्ट किए, जिनमें राहुल गांधी के संबोधन की खास बातें और स्टूडेंट्स से की गई बातें शामिल हैं। आइये पोस्ट के जरिए से की गई खास बातों पर नजर डालते हैं।

स्टूडेंट्स भारत के भविष्य…

कांग्रेस की ओर से एक्स पर किए गए पोस्ट में राहुल गांधी का एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा गया कि, 'स्टूडेंट्स भारत के भविष्य हैं, उनके बिना देश मजबूत नहीं हो सकता। क्योंकि, स्टूडेंट्स क्यूरियस होते हैं, नफरत नहीं करते, हंबल होते हैं, निडर होते हैं, टॉलरेंट होते हैं, ईमानदार होते हैं।

आज हिंदुस्तान के स्टूडेंट्स खुश नहीं- राहुल गांधी

एक अन्य पोस्ट में राहुल गांधी के भाषण का वीडियो शेयर करते हुए लिखा गया, आज हिंदुस्तान के स्टूडेंट्स खुश नहीं हैं। क्योंकि, स्टूडेंट्स बहुत परेशान हैं। उनके ऊपर बहुत दबाव है। उन्हें भविष्य नहीं दिख रहा है।

छात्रा बोली- छात्रों के साथ धोखा कर रही सरकार

एक अन्य पोस्ट में राजगढ़ जिले की सपना गुर्जर ने 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के दौरान नेता विपक्ष राहुल गांधी को बीजेपी की करतूत बताते हुए कहा- 'मध्य प्रदेश की बीजेपी सरकार बीते कई साल से युवाओं के साथ धोखा कर रही है और जानबूझकर उन्हें गुमराह कर रही है।'

राहुल गांधी ने दिया अंधभक्त का उदाहरण

राहुल गांधी ने मंच से अंधभक्त का उदाहरण देते हुए कहा कि, अंधभक्त कहता है, हिंदुस्तान को आजादी नहीं मिली। हमें विकास नहीं चाहिए। मोदी जी विष्णु के अवतार हैं। मगर अंधभक्त कभी नहीं पूछेगा कि, स्कूलों की हालत ख़राब क्यों है? इन्फ्रास्ट्रक्चर क्यों ढह रहा है? देश में पेपर लीक क्यों हो रहे हैं? जबकि हमारे स्टूडेंट्स ये सवाल पूछते हैं।

हर वर्ग के बच्चे को मिलनी चाहिए शिक्षा

'छात्रों की गूंज' मंच पर नेता विपक्ष राहुल गांधी से एक युवा ने अपनी मांग रखी कि, मैं सतना जिले के बिंद क्षेत्र से आता हूं, वहां शिक्षा का स्तर बहुत खराब है। ऐसे में ज़्यादातर बच्चे भोपाल और इंदौर जैसे शहरों में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने के लिए आते हैं। लेकिन जो बच्चे गरीब परिवारों से हैं, वे आर्थिक मजबूरियों के कारण बाहर जाकर तैयारी नहीं कर पाते। इसलिए मेरा कहना है कि, शिक्षा हर वर्ग के बच्चे को मिलनी चाहिए, ये उनका हक है।

Updated on:
19 Sept 2026 08:56 pm
Published on:
19 Sept 2026 08:31 pm