इंदौर

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी की पुण्यतिथि, इंदौर को करोड़ों की सौगात देंगे सीएम मोहन यादव

Atal Bihari Death Anniversary : अन्नपूर्णा टू रिंग रोड, अत्याधुनिक फायर बाइक, 14-डी थिएटर का शुभारंभ और अटल प्रतिमा का सीएम मोहन यादव करेंगे भूमिपूजन।
2 min read
Atal Bihari Death Anniversary
Atal Bihari Death Anniversary (इंदौर को करोड़ों की सौगात देंगे सीएम मोहन यादव Photo Source- Patrika)

Indore News : कल भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी की पुण्यतिथि है। इस अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सूबे के आर्थिक शहर इंदौर को कई सौगातें देने वाले हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव अन्नपूर्णा रोड से रिंग रोड को जोड़ने वाली लिंक रोड, अत्याधुनिक फायर बाइक, नेहरू पार्क स्वीमिंग पूल और चिड़िघर में बने 14-डी थिएटर का शुभारंभ कर जनता को समर्पित करेंगे। इसके साथ ही दशहरा मैदान स्थित बगीचे में लगने वाली पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा और टिगरिया बादशाह मेन रोड से कुशवाह नगर होते हुए उज्जैन नाका बाणगंगा रोड का भूमिपूजन करेंगे।

कल होने वाले कार्यक्रमों को अंतिम रूप देने में नगर निगम जुटा है। कार्यक्रम दोपहर 3 बजे अन्नपूर्णा रोड से रिंग रोड पर होगा। इस संबंध में इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि, कल अटलजी की पुण्यतिथि पर कनेक्टिविटी से लेकर विरासत तक, ये इंदौर के विकास का ऐतिहासिक दिन होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के हाथों शहर की जनता को चार बड़ी सौगात मिलने जा रही हैं। इसमें अन्नपूर्णा रोड से रिंग रोड को जोड़ने वाली लिंक रोड, अत्याधुनिक फायर बाइक और चिडिय़ाघर में बने 14डी थिएटर का लोकार्पण करने के साथ दशहरा मैदान स्थित बगीचे में लगने वाली पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का भूमिपूजन शामिल है।

सड़क का नाम होगा अटल पथ

महापौर भार्गव ने कहा कि, निगम योजना शाखा ने अन्नपूर्णा रोड को रिंग रोड (सुदामा नगर एवं विश्वकर्मा नगर के मध्य) से जोड़ने के लिए 100 फीट चौड़ी सड़क 16 करोड़ 61 लाख रुपए में बनाई है। 40 साल बाद अन्नपूर्णा रोड से रिंग रोड की सीधी कनेक्टिविटी हो जाएगी। इस महत्वपूर्ण रोड का कल जहां शुभारंभ किया जाएगा। वहीं रोड का नाम अटल पथ रखा जाएगा। सुगम यातायात और बेहतर नागरिक सुविधाओं की दिशा में निगम का ये एक महत्वपूर्ण कदम है।

35 करोड़ के विकासकार्यों का होगा लोकार्पण और भूमिपूजन

कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवास विभाग मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, सांसद शंकर लालवानी, क्षेत्रीय विधायक मालिनी गौड़, भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा और क्षेत्रीय पार्षद नितिन शानू शर्मा आदि मौजूद रहेंगे। महापौर भार्गव ने कहा कि, लगभग 35 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन होने जा रहा है।

अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को मिलेगी मजबूती

मुख्यमंत्री डॉ. यादव के हाथों अत्याधुनिक चार फायर बाइक जनता को समर्पित होंगी। शहर की संकरी गलियों एवं प्रमुख बाजारों में आग बुझाने में ये बाइक कारगर साबित होंगी। इधर, निगमायुक्त क्षितिज सिंघल ने लक्ष्मीबाई नगर फायर स्टेशन पर अत्याधुनिक फायर बाइक का अवलोकन किया। निगमायुक्त सिंघल ने कहा कि, इन फायर बाइक का शहर के ऐसे क्षेत्रों में त्वरित अग्निशमन कार्रवाई के लिए उपयोग किया जाएगा, जहां बड़े फायर वाहनों का पहुंचना संभव नहीं होता।

सकरे इलाकों में कारगर साबित होगी फायर बाइक

प्रत्येक फायर बाइक में 40 लीटर क्षमता तक पानी एवं 4 लीटर फोम रखने की सुविधा उपलब्ध है। इसके साथ ही अगर अग्नि दुर्घटना स्थल के आसपास बोरवेल अथवा अन्य किसी स्रोत से पानी उपलब्ध हो तो फायर बाइक के माध्यम से उस पानी का उपयोग भी आग बुझाने के लिए किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि, फायर बाइक के संचालन के लिए फायर विभाग के कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

Updated on:
15 Aug 2026 01:39 pm
Published on:
15 Aug 2026 01:16 pm