
Indore Coach Arrested: मध्यप्रदेश के इंदौर में एक 14 साल के नाबालिग छात्र के साथ व्यायामशाला में कोच के द्वारा यौन शोषण करने का मामला सामने आया है। घटना शहर के सदर बाजार स्थित चंदनगुरु व्यायामशाला की है। कोच पर आरोप है कि नाबालिग छात्र को अकेला पाकर कोच ने उसे धमकाया और उसके साथ गलत हरकत की। पुलिस ने नाबालिग छात्र के पिता की शिकायत पर आरोपी कोच को गिरफ्तार कर गुरुवार को कोर्ट में पेश किया था, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 14 साल का नाबालिग छात्र करीब 6 साल से चंदनगुरु व्यायामशाला में कुश्ती सीखने के लिए जाता है। घटना 25 नवंबर की है, इस दिन भी वो प्रैक्टिस करने के लिए गया था, रोजाना छात्र साढ़े सात-आठ बजे तक घर आ जाता था लेकिन जब वो काफी देर तक घर नहीं लौटा तो पिता उसे ढूंढने निकले। इसी दौरान पिता को बेटा हनुमान मंदिर चौक के पास रोता हुआ मिला। बच्चा काफी डरा हुआ था, पिता ने उसे भरोसे में लिया और बात की तो उसने अपनी आपबीती पिता को बताई।
पीड़ित नाबालिग ने पिता को बताया कि शाम को जब उसके सभी साथी प्रैक्टिस कर घर लौट गए तो वो व्यायामशाला में अकेला बचा था। इसी दौरान कोच मनीष नामदेव ने उसे अपने पास बुलाकर बैठाया और उसके साथ गंदी हरकत की। इतना ही नहीं धमकी दी कि अगर किसी को कुछ बताया तो जान से मार देगा। जिसके कारण बच्चा डरा हुआ था। बेटे की बात सुनकर पिता के होश उड़ गए वो तुरंत बेटे को लेकर पुलिस थाने पहुंचे और आरोपी कोच के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी कोच मनीष नामदेव को गिरफ्तार कर गुरुवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।