
Indore News : पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के 15 नवंबर को मध्य प्रदेश के इंदौर में होने वाले लाइव कॉन्सर्ट होने से पहले एक के बाद एक अड़ंगों का सामना करना पड़ रहा है। एक बार फिर इंदौर में होने वाले उनके कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। तो वहीं, दूसरी तरफ इंदौर नगर निगम ने कॉन्सर्ट आयोजकों पर पिछली बार की बाया रकम को लेकर शिकंजा कसा है। बता दें कि, पिछली बार 8 दिसंबर 2024 को हुए उनके कॉन्सर्ट का करीब 2 करोड़ रुपए मनोरंजन कर अब तक जमा नहीं किया गया है, जिसे लेकर इंदौर निगम ने इस बार उनपर कर जमा करने के लिए पहले से सख्ती की है। ऐसे में सवाल ये उठ रहा है कि, इतनी चुनौतियों के बीच क्या दिलजीत का कॉन्सर्ट होगा भी या ये एन वक्त पर कैंसिल हो जाएगा?
बता दें कि, 15 नवंबर को शहर के विजय नगर स्थित मैदान में होने वाले कॉन्सर्ट पर सबसे पहले तो आतंकी हमले का साया मंडरा रहा है। हालही में दिलजीत को इस संबंध में धमकी मिली थी, जिसपर सवाल पूछे जाने पर दिलजीत ने बड़े कूल अंदाज में प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि, 15 तारीख को हम कॉन्सर्ट से पहले इंदौर का पोहा-जलेबी खाएंगे, लेकिन अब एक बार फिर ग्वालियर हाईकोर्ट और एक न्यायाधीश को धमकी भरा ई-मेल भेजा गया है, जिसमें कॉन्सर्ट के दौरान बम विस्फोट कर आयोजन स्थल को उड़ाने की चेतावनी दी गई है।
'खालिस्तानी नेशनल आर्मी' के नाम से भेजे गए इस ईमेल में माता-पिता को चेतावनी दी गई है कि, वो अपने बच्चों को दिलजीत के शो में न भेजें। इससे पहले इंदौर में महापौर कार्यालय और शहर के तीन स्कूलों को भी दिलजीत के कार्यक्रम के संबंध में धमकी भरे ई-मेल भेजे जा चुके हैं। लगातार मिल रही धमकियों के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। ऐसे में ग्वालियर हाईकोर्ट और न्यायाधीशों की सुरक्षा बढ़ाई गई है। साथ ही, न्यायालय परिसर और आसपास के मार्गों पर वाहनों तथा सामान की जांच सख्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
ग्वालियर पुलिस के मुताबिक, धमकी भरे ई-मेल की जांच ग्वालियर क्राइम ब्रांच और एटीएस कर रही हैं। शुरुआती जांच में ई-मेल के आइपी एड्रेस फ्रांस और दक्षिण कोरिया से जुड़े बताए जा रहे हैं। हालांकि, आशंका है कि ई-मेल भारत से भी भेजे गए हो सकते हैं। जांच एजेंसियां इनके वास्तविक स्रोत का पता लगाने में जुटी हैं। इंदौर के बाद 27 नवंबर को मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट प्रस्तावित है। मुंबई में भी धमकी भरे ई-मेल मिलने के बाद पुलिस और आयोजक सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर रहे हैं। आयोजन स्थल पर 1500 से 2000 निजी सुरक्षाकर्मी तैनात करने की तैयारी है। धमकियों के बावजूद दिलजीत ने कॉन्सर्ट रद्द न करने का फैसला लिया है। यानी साफ है, दिलजीत का कॉन्सर्ट उनकी तरफ से तो कैंसिल नहीं होगा।
लेकिन दूसरी तरफ इंदौर नगर निगम ने आयोजकों और आयोजन स्थल के मालिक को नोटिस जारी कर बकाया राशि जमा करने को कहा है। निगम ने भी स्पष्ट कहा है कि, पुराने कार्यक्रम का टैक्स जमा किए बिना नए कॉन्सर्ट को अनुमति नहीं मिलेगी। दरअसल, दिसंबर 2024 में आयोजित दिलजीत के कॉन्सर्ट में टिकट बिक्री पर 10 फीसदी मनोरंजन कर जमा करना जरूरी था। इस संबंध में निगम ने आयोजकों को नोटिस भी जारी किया था, लेकिन अब तक करीब 2 करोड़ रुपए की राशि जमा नहीं हुई है। बकाया वसूली के लिए निगम ने अब एमआर-10 रोड स्थित आयोजन स्थल के मालिक से संपत्ति से जुड़े दस्तावेज भी मांगे हैं।
दिलजीत दोसांझ का नया कॉन्सर्ट 15 नवंबर को एमआर-10 रोड स्थित आयोजन स्थल पर होगा। आयोजकों के अनुमान के मुताबिक, कार्यक्रम में करीब 30 हजार दर्शकों के पहुंचने की संभावना है। कॉन्सर्ट शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक आयोजित किया जाएगा। टिकटों की कीमत 4 हजार से 16 हजार 800 रुपए तक रखी गई है। बताते चले कि, 2024 में हुए कॉन्सर्ट के दौरान करीब 25 हजार दर्शक शामिल हुए थे।