
Indore Boy Death in Road Accident: मध्यप्रदेश के इंदौर में दिवाली के दिन एक दुखद घटना सामने आई है, यहां त्योहार के दिन एक मां से उसका बेटा हमेशा के लिए छिन गया और उसकी गोद सूनी हो गई। घटना शहर के गांधीनगर थाना क्षेत्र की है जहां ई-रिक्शा से उतर रहे लोगों को एक तेज रफ्तार बोलेरो ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से मां-बच्चा सहित 4 लोग घायल हुए थे, जिनमें से बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गई जबकि मां व अन्य घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार महिला सरिता अपने 8 साल के बेटे आर्यन को साथ लेकर शनिवार शाम को दिवाली की खरीददारी करने के लिए बाजार गई थी। बाजार से लौटते वक्त मां-बेटा एक ई-रिक्शा से बांगड़दा स्थित आई ब्लॉक मल्टी के पास उतर रहे थे तभी सामने से रही एक तेज रफ्तार बोलेरो ने उन्हें व ई-रिक्शा से उतर रहे अन्य लोगों को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही 8 साल का आर्यन मां की गोद से छूटकर दूर जा गिरा। हादसे में घायल सरित व आर्यन सहित 4 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया जहां इलाज के दौरान आर्यन की मौत हो गई।
बेटे आर्यन की इलाज के दौरान मौत की खबर अभी अस्पताल में भर्ती घायल मां सरिता को परिजन ने नहीं दी है। सरिता व अन्य घायलों का इलाज चल रहा है। वहीं हादसे के बाद बोलेरो ड्राइवर मौके पर गाड़ी छोड़कर फरार हो गया था। पुलिस ने बोलेरो को जब्त कर उसके ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि मां-बेटे दिवाली के लिए कपड़े खरीदकर लौट रहे थे। बच्चे के पिता मजदूरी करते हैं और आर्यन की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।