
Indore Driver Arrested: मध्यप्रदेश के इंदौर जिले की राऊ पुलिस ने उस ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है जो मालिक को ढाबे पर छोड़कर कार व लाखों रुपये नकद लेकर फरार हो गया था। आरोपी के पास से पुलिस ने साढ़े 24 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं और बाकी पैसों को लेकर पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस के मुताबिक आरोपी फरार होने के बाद राजस्थान पहुंचा और वहां के धार्मिक स्थलों सांवरिया सेठ, खाटूश्याम मंदिर आदि में माथा टेका। उसके वापस इंदौर पहुंचते ही पुलिस ने बस से उतरते ही उसे गिरफ्तार कर लिया ।
पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 24 अगस्त को फरियादी गौरव मित्तल ने पुलिस थाने में आकर शिकायत दर्ज कराई थी। जिसमें उन्होंने बताया कि वो पीथमपुर में अपनी पुरानी क्रेन बेचकर करीब 27 लाख रुपये लेकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान राऊ क्षेत्र में एक ढाबे पर वो चाय नाश्ता करने के लिए रुके। इसी दौरान कार का ड्राइवर रोहित कोसे कार व उसमें रखे करीब 27 लाख रुपये लेकर फरार हो गया।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और आरोपी की तलाश शुरू की। मशक्कत के बाद पुलिस को आजाद नगर से लावारिस हालत में कार बरामद हुई। इसके बाद आरोपी रोहित कोसे के बारे में मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी बस से इंदौर लौटकर आ रहा है। सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने बस से उतरते ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी रोहित कोसे ने पुलिस की पूछताछ में बताया है कि लाखों रुपये देखकर उसे लालच आ गया था। वो कार व पैसे लेकर भागा और फिर आजाद नगर में कार छोड़कर एक फ्लैट में जाकर छिप गया। वहां से मौका मिलते ही पैसे लेकर राजस्थान चला गया। जहां सांवरिया सेठ, खाटूश्याम मंदिर सहित अन्य धार्मिक स्थलों पर भगवान के दर्शन कर माथा टेका। पुलिस ने आरोपी रोहित कोसे के पास से साढ़े 24 लाख रुपये नकद बरामद कर लिए हैं। पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लिया है और उससे बाकी पैसों के बारे में पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी रोहित कोसे का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और उसे ड्राइवर रखते वक्त मालिक गौरव मित्तल के द्वारा पुलिस वेरिफिकेशन भी नहीं कराया गया था।