इंदौर

धार TI हत्याकांड: कुचलने के बाद खेत में छिपे थे आरोपी, गुजरात तक जंगलों के रास्ते पहुंचानी थी शराब

TI Dilip Puri death: खातेगांव में टीआई को कुचलने के बाद आरोपी ड्राइवर ने केरम सिंह को फोन कर मदद मांगी थी। पुलिस सीन रिक्रिएशन और शराब तस्करी नेटवर्क की जांच कर रही है।
2 min read
• •
Updated: 12 Nov 2026, 12:52 PM IST
धार टीआइ दिलीप पुरी (Photo Source - Patrika)
धार टीआइ दिलीप पुरी (Photo Source - Patrika)

TI Dilip Puri death:मध्यप्रदेश में खातेगांव टीआइ दिलीप पुरी को मिनी ट्रक से कुचलने की घटना के बाद आरोपी ड्राइवर गजेंद्र रावत उर्फ अक्कू ने सबसे पहले किसे फोन किया था और उसे कहां से मदद मिली थी, इसकी कड़ियां अब पुलिस की पूछताछ में खुलने लगी है। जांच में सामने आया है कि टीआइ को कुचलने के तत्काल बाद गजेंद्र ने आरोपी केरम सिंह को फोन कर हादसे की जानकारी दी थी। इस पर केरम ने उसे ट्रक लेकर वापस टिमरनी शराब दुकान जाने को कहा, लेकिन पुलिस कार्रवाई के डर से ड्राइवर गजेंद्र और क्लीनर धीरज ट्रक छोड़कर खेत में छिप गए।

कुछ देर बाद गजेंद्र ने फिर केरम को फोन कर उन्हें वहां से निकालने के लिए कहा। इसके बाद केरम ने दोनों को इंदौर बुलाया और खुद आलीराजपुर से उन्हें लेने पहुंचा। हालांकि दोनों आरोपी हाईवे पर ट्रक और डंपर जैसे वाहनों से लिफ्ट लेकर इंदौर पहुंचे थे। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि घटना वाले दिन केरम सिंह और आरोपी विजय राव की इंदौर में मुलाकात हुई थी। उधर, पुलिस ने बुधवार को ड्राइवर गजेंद्र को घटनास्थल पर ले जाकर सीन रिक्रिएशन कराया। पूछताछ में शराब तस्करी के नेटवर्क और गुजरात तक शराब पहुंचाने के तरीके को लेकर भी कई अहम जानकारियां सामने आई है।

केरम के कहने पर लाया था ट्रक, जंगज से भेजते थे

सीन रिक्रिएशन के दौरान पुलिस ने गजेंद्र से घटना वाले दिन की पूरी गतिविधियों की जानकारी ली। पूछताछ में उसने कबूल किया कि वह केरम सिंह के कहने पर ही मिनी ट्रक लेकर आया था। उसे संबंधित शराब दुकान संचालकों के नंबर दिए जाते थे और बताया जाता था कि कहां से शराब भरना है और उसे आलीराजपुर तक पहुंचाना है। इसके बाद शराब को अलीराजपुर के जंगलों में उतार दिया जाता था। यहां से अलग-अलग रास्तों के जरिए थोड़ी-थोड़ी मात्रा में शराब गुजरात भेजी जाती थी, ताकि एक साथ बड़ी खेप पकड़ में नहीं आए।

मोहिन ने मनीष को घटना के बाद बुलाया अहमदाबाद

दूसरी ओर आरोपी मनीष जायसवाल से पूछताछ में भी अहम जानकारी सामने आई है। मनीष ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही उसने अहमदाबाद निवासी मोहिन जायसवाल को फोन किया था। इस पर मोहिन ने उसे तत्काल अहमदाबाद आने के लिए कहा। इसके बाद मनीष सुबह करीब 6 बजे अहमदाबाद के लिए रवाना हो गया था। बुधवार को एसआइटी की टीम मनीष को लेकर इंदौर पहुंची और उसके अनंत इंटरप्राइजेस कार्यालय से दस्तावेज जब्त किए। शराब का ऑर्डर बुक करने वाले मनीष के कर्मचारी से भी पूछताछ की गई।

विजय के मोबाइल में वॉट्सऐप चैट, अहम सुराग मिले

एसपी आदित्य मिश्रा के अनुसार, आरोपी मनीष को लेकर एसआइटी की इंदौर गई है। ड्राइवर गजेंद्र और क्लीनर धीरज से पूछताछ की जा रही है। आरोपी विजय ने भी पूछताछ में जानकारियां दी हैं। वॉट्सऐप चैट की जांच कर रहे हैं। पुलिस तस्करी के नेटवर्क से जुड़े लोगों की भूमिका जांच रही है।

Updated on:
12 Nov 2026, 12:52 PM IST
Published on: