इंदौर

इंदौर के ड्रग्स और सट्टा नेटवर्क की जांच तेज, जीतू पटवारी के भाई नाना से 3 घंटे हुई पूछताछ

Drugs And Betting Network : एक युवती ने लगाए गंभीर आरोप, दूसरी बचाव में आई; गुजरात से सप्लायर गिरफ्तार, पुलिस कॉल डिटेल व डिजिटल साक्ष्य खंगाल रही।
2 min read
Drugs And Betting Network
Drugs And Betting Network (जीतू पटवारी के भाई नाना से 3 घंटे हुई पूछताछ Photo Source- Patrika)

Indore News :मध्य प्रदेश के आर्थिक नगर इंदौर में सामने आए हाई - प्रोफाइल ड्रग्स रैकेट की जांच अब तेज हो गई है। पुलिस ने इस मामले में मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई नाना उर्फ कुलभूषण पटवारी और उनके साथी मानव गंगवानी से करीब तीन घंटे पूछताछ कर बयान दर्ज किए हैं। पुलिस अब ड्रग्स नेटवर्क के साथ ऑनलाइन सट्टे के संभावित कनेक्शन की भी जांच कर रही है। इस बीच एक युवती ने नाना पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि दूसरी युवती उनके बचाव में सामने आई है।

डीसीपी नरेंद्र सिंह रावत के निर्देशन में हुई पूछताछ के दौरान पुलिस ने नाना और मानव से उनके संपर्कों, गतिविधियों और कथित ड्रग्स कनेक्शन को लेकर सवाल किए। सूत्रों के अनुसार, एक युवती ने पूछताछ में नाना के साथ ड्रग्स और शराब सेवन तथा कुछ फ्लैटों पर आने-जाने के संबंध में बयान दिए हैं। वहीं दूसरी युवती ने मीडिया के सामने आकर इन आरोपों को पूरी तरह झूठा बताते हुए कहा कि उसने नाना को कभी शराब या ड्रग्स का सेवन करते नहीं देखा।

पुलिस का दावा

पुलिस ने तकनीकी जांच के तहत कॉल डिटेल, डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की पड़ताल शुरू कर दी है। इसी जांच के दौरान गुजरात के बड़ोदरा से ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क से जुड़े आरोपी आरिफ उर्फ भूरू बैंड को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का दावा है कि इरफान ने उसी से ब्राउन शुगर की खेप मंगाई थी। सूत्रों के अनुसार, कार्रवाई के बाद शहर के कई बड़े बुकी और सटोरिए भूमिगत हो गए हैं। साइबर टीम की मदद से उनकी तलाश की जा रही है।

यह है मामला

9 जुलाई को रेती मंडी डीमार्ट के पीछे पुलिस ने इरफान खान उर्फ गोलू चंदौरी और संजय कौशल उर्फ रॉनी भाई को 10.8 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया था। पुलिस का दावा है कि, पूछताछ में दोनों ने ये खेप नाना पटवारी और मानव गंगवानी को सप्लाई करने की बात कही थी। मामले की जांच जारी है।

Updated on:
12 Jul 2026 12:05 pm
Published on:
12 Jul 2026 12:05 pm