
Indore EOW Bribery Case: मध्यप्रदेश के इंदौर जिले में शनिवार को आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ने एक महिला पंचायत सचिव को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है। महिला पंचायत सचिव ने एक गांव में व्यापार करने के लाइसेंस पर हस्ताक्षर करने के एवज में 15 हजार रुपये रिश्वत की मांग फरियादी से की थी। फरियादी ने EOW कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद EOW ने रिश्वतखोर महिला पंचायत सचिव को 12 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथों पकड़ा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इंदौर जिले में ग्राम रेणुका टेकरी असरावद बुजुर्ग तहसील खुड़ैल की आवेदिका अनोखी गवलिया ने आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ EOW इंदौर कार्यालय में बीते दिनों शिकायत दर्ज कराई थी। अपनी शिकायत में फरिादी अनोखी गवलिया ने बताया कि उसने गांव में व्यापार व्यवसाय करने हेतु लाइसेंस के लिए आवेदन दिया गया है। लाइसेंस पर हस्ताक्षर करने के लिए पंचायत सचिव श्यामा साहू द्वारा 15000 रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है। इंदौर EOW ने शिकायत के बाद पंचायत सचिव श्यामा साहू के खिलाफ रंगे हाथों पकड़ने के लिए रणनीति तैयार कर विशेष दल गठित किया गया।
शनिवार 14 नवंबर को EOW की टीम ने रिश्वत के 12 हजार रुपये देने के लिए आवेदिका अनोखी गवलिया को रिश्वतखोर पंचायत सचिव श्यामा साहू के पास भेजा। श्यामा साहू ने जैसे ही रिश्वत के रूपये लिए तो EOW की टीम ने उसे रंगेहाथों पकड़ लिया। आरोपी द्वारा शासकीय कार्य करने की एवज में रिश्वत मांगने एवं लेने के तकनीकी एवं डिजिटल साक्ष्य होने तथा मौके पर रंगे हाथों पकड़े जाने के साक्ष्य के आधार पर धारा 7 सी भ्रष्ट निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीकृत कर विवेचना में लिया गया है। ट्रैप दल में उप पुलिस अधीक्षक नंदिनी शर्मा, उप पुलिस अधीक्षक योगेंद्र सिंह सिसोदिया, निरीक्षक कैलाश चंद्र पाटीदार, निरीक्षक आमोद सिंह राठौड़, हरीश वर्मा, अजय चौबे, अजय सोलंकी, नितिन, नीलम कुशवाहा और योगेंद्र ठाकुर सम्मिलित रहे।