इंदौर

‘तू हमें नहीं जानता, हमारे आपराधिक रिकॉर्ड पता कर लेना, इंदौर में शराब के लिए पैसे नहीं देने पर युवक से मारपीट

Indore Crime News: इंदौर के चंदन नगर में अड़ीबाजी की दो वारदातों ने सनसनी फैला दी। कहीं शराब के लिए रुपए मांगे, तो कहीं मुफ्त सामान से इनकार पर दुकानदार को पीटा और धमकाया।
2 min read
Aug 12, 2026
extortion liquor money shopkeeper youth assault indore crime news
Indore Crime News: शराब के लिए पैसे नहीं देने पर युवक से मारपीट (फोटो सोर्स- Chatgpt)

Indore Crime : इंदौर के चंदन नगर इलाके में बदमाश बेखौफ हो गए हैं। यहां बीते दिन दो वारदातें सामने आई जहां अड़ीबाज बदमाशों ने एक युवकऔर दुकानदार से मारपीट की।पहले मामले में बदमाशों ने युवक को रात में रोका और शराब पीने के लिए रुपए न देने पर हमला कर दिया। आरोपी धमका कर बोले कि तू हमें नहीं जानता, पहले हमारा आपराधिक रिकॉर्ड पता कर लेना। हमले के बाद बदमाश फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

मारपीट के बाद कहा- हमारे आपराधिक रिकॉर्ड पता कर लेना

थाना चंदन नगर पुलिस के मुताबिक अड़ीबाजी और हमले की वारदात सोमवार रात 9.30 बजे नंदन नगर की गली में हुई। पुलिस ने फरियादी नौशाद पिता रज्जाक खान निवासी ई सेक्टर चंदन नगर की रिपोर्ट पर आरोपी शाहरूख उर्फ गोबी निवासी नंदन नगर और अन्य साथी के खिलाफ केस दर्ज किया है। फरियादी ने पुलिस को बताया कि मैं नंदन नगर से जा रहा था। तभी आरोपियों ने रास्ता रोक लिया और मुझे बोले कि हमें शराब पीने के लिए एक हजार रुपए लगेंगे, तू दे। मैंने कहा कि मैं तुम्हें शराब पीने के लिए रुपए क्यों दूं? इस पर बदमाशों ने गालियां दी और बोले कि तू हमें जानता नहीं कि हम कौन है? मैंने बोला कि तुम कोई भी हो मुझे फर्क नहीं पड़ाता, मैं तुम्हें रुपए नहीं दूंगा।

इस पर आरोपियों ने मुझे घेरकर पीटना शुरू कर दिया। मुझे लात-घूंसों से पीटा। शोर मचाने पर आरोपी बोले कि आइंदा हमें शराब पीने के लिए रुपए देने से मना किया तो पहले हमारे रिकॉर्ड पता कर लेना, हम तुझे जान से खत्म कर देंगे। मारपीट और धमकी के बाद बदमाश वहां से भाग गए। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ अड़ाबाजी और जान से मारने की धमकी की धाराओं में केस दर्ज कर तलाश की जा रही है।

बदमाशों ने मुफ्त में सामान न देने पर दुकानदार को पीटा

चंदन नगर क्षेत्र में अड़ीबाजी की दूसरी वारदात सिरपुर में अम्बार नगर चौराहा स्थित एक दुकानदार के साथ हुई। यहां शाम के समय पहुंचे दो बदमाशों ने मुफ्त में सामान न देने पर जमकर पीटा और भाग गए। ये ही बदमाश रात को फिर पहुंचे और दुकानदार को मोबाइल में वीडियो बना लेने पर धमकाया। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस के मुताबिक अड़ीबाजी की वारदात फरियादी नितेश पिता शांतिदास बैरागी मूल निवासी उदयपुर (राजस्थान) हाल निवासी बालाजी धाम के साथ सोमवार शाम 5.30 बजे और फिर रात 9.30 बजे हुई। उनकी रिपोर्ट पर आरोपी अरुण और ताहिर निवासी अम्मार नगर के खिलाफ केस दर्ज किया गया।

कुछ देर बाद फिर आकर धमकाया

फरियादी ने पुलिस को बताया कि घटना की शाम 5.30 बजे आरोपी मेरी दुकान पर आए और फ्री में सामान मांगने लगे। मैंने बोला पैसे दो, फिर सामान मिलेगा। इस पर आरोपी जबरन दुकान से सामान उठाने लगे। फिर बोले कि अब हमें शराब पीना है तो शराब के लिए भी दो हजार रुपए दे। मैंने विरोध किया तो आरोपियों ने मेरे और मेरी कर्मचारी केदार भाई के साथ लात-घूंसों से मारपीट की। जब मैं मोबाइल से उनका वीडियो बनाने लगा तो वे जान से मारने की धमकी भाग गए। फरियादी ने बताया कि इसके बाद आरोपी अरुण रात करीब 9.30 बजे वापस मेरी दुकान पर आया और बोला कि तूने हमारा वीडियो क्यों बनाया है, इसे डिलीट कर नहीं तो तुझे जान से खत्म कर दूंगा। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

Updated on:
12 Aug 2026 03:36 pm
Published on:
12 Aug 2026 03:36 pm