इंदौर

सगाई टूटने के बाद ले गया मंदिर, लौटकर बोला प्रेमी- तेरी मां को खाई में फेंक आया

mp news: सगाई टूटने से आहत युवक ने अपनी ही गर्लफेंड की मां को मौत के घाट उतार दिया। रास्ते में उसने खुद ही खुलासा करते हुए कहा-मैं तेरी मां को खाई में फेंक आया हूं।
2 min read
May 06, 2026
heartbroken by broken engagement boy threw girlfriend mother into ditch mp news
boy threw girlfriend mother into ditch (photo- Freepik)

mp news: मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के बडगोंदा थाना क्षेत्र के बुरालिया गांव स्थित छोटा अमरनाथ पहाड़ी पर रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। सगाई टूटने से आहत युवक ने अपनी ही गर्लफेंड की मां को मौत के घाट उतार दिया। घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी युवक राहुल अटेरिया ने अपनी गर्लफ्रेंड और उसकी मां को मंदिर घुमाने के बहाने पहाड़ी क्षेत्र में बुलाया। मौका मिलते ही उसने महिला को करीब 250 फीट गहरी खाई में धक्का दे दिया और फिर बेटी को बहाने से वहां से दूर ले गया। रास्ते में उसने खुद ही खुलासा करते हुए कहा-मैं तेरी मां को खाई में फेंक आया हूं।

मंदिर घुमाने के बहाने ले गया

मृतका 36 वर्षीय किरण चौबे मूल रूप से उत्तर प्रदेश के महोबा की रहने वाली थीं और पीथमपुर की एक निजी कंपनी में कार्यरत थीं। मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे वह अपनी बेटी के साथ घर से निकलीं। विशाल चौराहे पर राहुल अटेरिया उनसे मिला और तीनों बाइक से छोटा अमरनाथ मंदिर पहुंचे। पहाड़ी के पास बेटी रुक गई, जबकि राहुल और उसकी मां नीचे खाई की ओर चले गए। कुछ देर बाद राहुल अकेला लौटा और कहा कि मां धीरे-धीरे आ रही हैं। इसके बाद वह लडक़ी को बहाने से वहां से ले आया। कुछ समय बाद उसने सच्चाई बताते हुए हत्या की बात कबूल की और मौके से फरार हो गया।

मृतका किरण चौबे

रात में खुला राज, सुबह चला रेस्क्यू ऑपरेशन

रात करीब 11 बजे बेटी ने परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी। परिजन तुरंत बडगोंदा थाने पहुंचे। पुलिस ने बुधवार सुबह तडक़े सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद खाई से महिला का शव बरामद किया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए मध्यभारत अस्पताल भेजा गया है।

रिश्ता टूटा, बदले में ली जान

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी राहुल और लडक़ी के बीच प्रेम संबंध था, जो सगाई तक पहुंच गया था, लेकिन लडक़ी के पिता और भाई इस रिश्ते के खिलाफ थे। मां ने पहले सहमति दी थी, लेकिन बाद में उन्होंने भी सगाई तोड़ दी। यही बात आरोपी के मन में जहर बनकर बैठ गई और उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे डाला।

पहले से संकट में था परिवार

मृतका किरण के बेटे अनुराग चौबे ने बताया कि परिवार पहले से ही कठिन दौर से गुजर रहा था। पिता की नौकरी छूट चुकी थी और उन्हें ब्रेन हेमरेज के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ऐसे में पूरे परिवार की जिम्मेदारी किरण के कंधों पर थी। उनकी मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है।

मामले में एक और ‘राहुल’ की एंट्री

पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान मामला और पेचीदा हो गया है। लडक़ी ने पूछताछ में एक अन्य राहुल नामक व्यक्ति का भी जिक्र किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी राहुल की गिरफ्तारी के बाद ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो सकेगा।

आरोपी फरार, तलाश जारी

इंदौर ग्रामीण एएसपी रुपेश द्विवेदी के मुताबिक, आरोपी राहुल अटेरिया के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश जारी है। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

Updated on:
06 May 2026 09:00 pm
Published on:
06 May 2026 08:58 pm