इंदौर

इंदौर के अस्पतालों में बढ़े ‘हार्ट अटैक’ के मरीज, इन 6 लक्षणों को न करें इग्नोर

Heart Attack: ठंड बढ़ने से हृदय रोगियों पर असर, रक्त वाहिकाएं सिकुड़ने से ब्लड प्रेशर बढ़ रहा है। अस्पतालों में पहले से बीमार मरीजों की संख्या बढ़ी, डॉक्टरों ने सतर्कता बरतने की सलाह दी।
3 min read
• •
Updated: 24 Nov 2026, 10:50 AM IST
हार्ट अटैक, प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source- magnific)
हार्ट अटैक, प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source- magnific)

Heart Attack:मध्यप्रदेश के इंदैर शहर में सर्द हवाओं और तापमान में गिरावट के बीच ठंड का असर अब दिल की सेहत पर भी दिखाई देने लगा है। खासकर पहले से हृदय रोगों से जूझ रहे मरीजों के लिए मौसम में बदलाव चुनौती बन रहा है। ठंड में रक्त वाहिकाएं सिकुड़ने से ब्लड प्रेशर बढ़ सकता है। इससे दिल को सामान्य से अधिक मेहनत करनी पड़ती है। ऐसे में अस्पतालों में ऐसे मरीज भी बढ़ रहे है, जो पहले से हार्ट संबंधित किसी समस्या से पीड़ित है। एमवाय अस्पताल के हृदय रोग विभाग की ओपीडी में रोजाना करीब 50 से 60 मरीज आते हैं, इनमें से लगभग 20 से 30 फीसदी पहले से बीमार मरीज होते हैं। निजी अस्पतालों में भी गंभीर हृदय रोगियों की संख्या में करीब 10 फीसदी तक बढ़ोतरी बताई जा रही है।

वसा पर रखें नियंत्रण

सर्दियों में तली-भुनी चीजों, घी, तेल और नमक का सेवन बढ़ जाता है। डॉक्टरों के मुताबिक हृदय रोगियों के लिए यह आदत नुकसानदायक हो सकती है। अधिक नमक से ब्लड प्रेशर नियंत्रित रखने में परेशानी होती है, जबकि अधिक वसा वाला भोजन कोलेस्ट्रॉल बढ़ा सकता है। मरीजों को हरी सब्जियां, फल, साबुत अनाज और कम तेल वाला भोजन लेना चाहिए।

दवाइयों में न करें लापरवाही

हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. भरत रावत के अनुसार सर्दियों में मरीजों को अपनी दिनचर्या और दवाइयों को लेकर विशेष सतर्कता रखनी चाहिए। ठंड के कारण सुबह की गतिविधियां कम हो जाती है, लेकिन शारीरिक गतिविधियां पूरी तरह बंद नहीं करनी चाहिए। मरीज अपनी क्षमता के अनुसार व्यायाम जारी रखें। बिना डॉक्टर की सलाह के दवाइयां बंद न करें और ब्लड प्रेशर व शुगर को नियंत्रित रखें। सीने में दबाव, अचानक पसीना आना, सांस लेने में परेशानी या असामान्य कमजोरी जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। वहीं जिन लोगों को स्टंट पड़ा हुआ है वे भी इस मौसम में सतर्कता बरतें। इस भी तरह के लक्षण को इग्नोर न करें।

हृदय पर पड़ता है अतिरिक्त दबाव

हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. एडी भटनागर के अनुसार ठंड के मौसम में रक्त वाहिकाएं सिकुड़ने से ब्लड प्रेशर बढ़ने की आशंका रहती है। इससे हृदय पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। पहले से हार्ट की बीमारी से पीड़ित मरीजों को सुबह बहुत जल्दी वॉकिंग करने से बचना चाहिए। दवाइयां नियमित रूप से लें। ब्लड प्रेशर की नियमित जांच भी जरूरी है। सीने में दर्द, घबराहट या सांस फूलने पर तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए।

सुबह जल्दी वॉक करने से बचें

कार्डियोलॉजी विशेषज्ञों के अनुसार सूर्योदय से पहले तापमान काफी कम रहता है। ऐसे में हार्ट के मरीजों को सुबह जल्दी घर से बाहर निकलकर तेज वॉकिंग या व्यायाम करने से बचना चाहिए। अचानक ठंड के संपर्क में आने और फिर शारीरिक गतिविधि शुरू करने से हृदय पर दबाव बढ़ सकता है। मरीज धूप निकलने के बाद तापमान सामान्य होने पर हल्की वॉकिंग कर सकते हैं। व्यायाम की अवधि डॉक्टर की सलाह के अनुसार ही तय करें।

इमरजेंसी में क्या करें

यदि किसी व्यक्ति को हार्ट अटैक के लक्षण दिखाई दें तो इंतजार न करें। तत्काल 108 या 112 पर एंबुलेंस बुलाएं और अस्पताल पहुंचाएं। मरीज को आरामदायक स्थिति में रखें, खुद गाड़ी चलाकर अस्पताल जाने से बचें।

इन लक्षणों को न करें नजर अंदाज

-सीने में दर्द, दबाव, जकड़न या भारीपन महसूस होना।
-दर्द का बाएं हाथ, दोनों हाथों, कंधे, पीठ, गर्दन या जबड़े तक पहुंचना।
-अचानक सांस फूलना या सांस लेने में परेशानी होना।
-बिना शारीरिक मेहनत के ठंडा पसीना आना।
-अचानक चक्कर आना, बेहोशी या अत्यधिक कमजोरी महसूस होना।
-जी मिचलाना, उल्टी या बेचैनी होना।

सर्दियों में ऐसे रखें दिल का ख्याल

-धूप निकलने के बाद वॉकिंग करें।
-घर से बाहर निकलते समय गर्म कपड़े पहनें और सिर, कान व छाती को ठंड से बचाएं।
-अचानक तेज व्यायाम या भारी शारीरिक मेहनत न करें।
-डॉक्टर की सलाह के अनुसार रोजाना हल्की शारीरिक गतिविधि जारी रखें।
-नमक, घी, तेल और तली-भुनी चीजों का सेवन सीमित रखें।
-हरी सब्जियां, फल, साबुत अनाज और संतुलित आहार लें।
-पर्याप्त पानी पिएं। ठंड में प्यास कम लगने पर भी पानी पीना न छोड़े।
-नियमित जांच कराएं। ब्लड प्रेशर, शुगर और कोलेस्ट्रॉल की जांच कराते रहे।

Updated on:
24 Nov 2026, 10:50 AM IST
Published on: