
Indore Husband Death Wife Affair Allegation: मध्यप्रदेश के इंदौर में एक 24 साल के युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद उसकी पत्नी व ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगे है। युवक की शादी करीब 4 महीने पहले हुई थी और शादी के कुछ दिन बाद ही पत्नी मायके चली गई थी। युवक को किसी संदिग्ध चीज के सेवन के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामला जांच में ले लिया है और हर एंगल से मामले की जांच करने की बात कह रही है।
इंदौर के सांवेर रोड इलाके में रहने वाले 24 साल के युवक मनोज को परिजन गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मनोज ने किसी संदिग्ध चीज का सेवन किया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की। परिजन ने बताया कि मनोज की शादी करीब 4 महीने पहले हुई थी और शादी के कुछ दिन बाद ही पत्नी वापस अपने मायके चली गई थी। इसके बाद से मनोज को पत्नी व उसके मायके वाले प्रताड़ित कर रहे थे।
पुलिस को मनोज के कमरे का निरीक्षण करने पर एक चिट्ठी मिली है। बताया जा रहा है कि इस चिट्ठी में मनोज ने पत्नी पर अफेयर का आरोप लगाते हुए लिखा है कि पत्नी साढ़ू भाई से बात करती है और उनके बीच अफेयर है। चिट्टी में ये भी लिखा है कि ससुराल पक्ष के लोग उससे 5 लाख रुपये की मांग कर रहे हैं और धमकी देते हैं कि अगर पैसे नहीं दिए तो पत्नी को बच देंगे। परिजनों के मुताबिक मनोज एक निजी कंपनी में काम करता था। उसके मानसिक दबाव में होने की बात भी परिजनों ने बताई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच में ले लिया है और हर पहलू से जांच कर रही है।