
Indore Husband Wife Dispute: मध्यप्रदेश के इंदौर में एक पति की शिकायत पर उसकी पत्नी व ससुर पर FIR दर्ज की गई है। पति का आरोप है कि पत्नी ने उसे कभी अपना पति नहीं माना, शादी के दूसरे दिन ही उससे कह दिया था कि मैं तुमसे शादी किसी IAS-IPS से शादी करना चाहती थी। इतना ही नहीं 10 लाख रुपये और जेवर भी ले लिए और अब मुझे बदनाम करने व झूठे केस में फंसाने की धमकी दे रही है। पीड़ित पति के मुताबिक शादी का पूरा खर्चा भी उसके परिवार ने किया था। पुलिस ने पीड़ित पति की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच में ले लिया है।
पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए हीरानगर में रहने वाले पीड़ित पति अंकित कुमार (बदला हुआ नाम) ने बताया कि उसकी शादी इसी साल 28 मई को निवेदिता (बदला हुआ नाम) के साथ हुई थी। शादी के अगले ही निवेदिता ने उससे कहा कि वो उसे अपना पति नहीं मानती और परिवार वालों ने उसकी शादी जबरदस्ती की है। उसे किसी आईएएस-आईपीएस से शादी करनी थी। इतना ही नहीं इसके बाद से निवेदिता अलग दूसरे कमरे में सोने लगी। 31 मई को उसने निवेदिता के मोबाइल पर कुछ मैसेज देखे, इन मैसेजों में निवेदिता अपनी मां व परिजनों से उसकी मां के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल करते हुए जेवर व रुपये हड़पने की बात कह रही थी। जब इस बारे में सवाल किया तो विवाद कर अपने मायके चली गई।
पीड़ित पति अंकित का आरोप है कि शादी के पहले से ही निवेदिता के परिवार ने उनसे पैसे लेने शुरू कर दिए थे। जब निवेदिता को देखने पहुंचे तो नेग के नाम पर 50 हजार रुपये छोटी बहन को दिलाए। शादी का खर्चा न उठा पाने की बात कहकर शादी का पूरा खर्च भी हमारे परिवार से कराया और बारात निकलने से ठीक पहले 10 लाख रुपये मांगे। बारात रुकने और सामाजिक बदनामी के डर से मेरे परिवार ने ये रकम भी निवेदिता के परिवार को दी थी। पीड़ित पति का आरोप है कि मायके जाने के बाद निवेदिता व उसके परिवार वाले बदनाम करने और झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रहे हैं। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर पत्नी व ससुर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।