
Akash Singh - इंदौर नगर निगम मुख्यालय में रिमूवल कार्रवाई को लेकर नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट और अपर आयुक्त आइएएस आकाश सिंह के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। इस दौरान मिमरोट ने अपर आयुक्त का रास्ता रोक लिया, जिस पर वे भड़क उठे। आकाश सिंह ने महिला नेता से कहा, आप मुझे बंदी बनाने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष से यह भी कहा कि बदतमीजी मत कीजिए। गुरुवार को यह घटना घटी जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट ने आरोप लगाया कि नगर निगम की रिमूवल कार्रवाई भेदभावपूर्ण तरीके से की जा रही है। उनके अनुसार एबी रोड स्थित एक गुमटी संचालक ने शिकायत की थी कि उसकी गुमटी हटाई गई, जबकि पास में मौजूद अन्य गुमटियों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट ने बताया कि उन्होंने इस मामले में पहले अपर आयुक्त आकाश सिंह से फोन पर चर्चा की थी। संबंधित युवक कई दिनों से निगम कार्यालय के चक्कर लगा रहा था, लेकिन उसकी शिकायत का समाधान नहीं हुआ। गुरुवार को वे उससे जुड़े करीब 40 प्रभावित लोगों के साथ अपर आयुक्त से मिलने उनके कार्यालय पहुंचीं। उनका आरोप है कि जैसे ही वे कार्यालय में दाखिल हुईं, अपर आयुक्त वहां से निकलने लगे और उनकी बात सुनना भी उचित नहीं समझा। उन्होंने केवल यह मांग रखी कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सभी पर समान रूप से की जाए।
वहीं अपर आयुक्त आकाश सिंह ने कहा कि महिला नेता सोनिला मिमरोट एक गुमटी को कार्रवाई से मुक्त रखने की मांग कर रही थीं, जिसे उन्होंने नियमों का हवाला देते हुए अस्वीकार कर दिया। सिंह के मुताबिक निगम अवैध गुमटियों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई कर रहा है और किसी को भी नहीं छोड़ा जा रहा।
आइएएस आकाश सिंह ने आरोप लगाया कि कार्यालय पहुंचने पर सोनिया मिमरोट ने उनका रास्ता रोकने का प्रयास किया, जिसके दौरान विवाद की स्थिति बन गई। घटना के बाद निगम मुख्यालय में दिनभर इस मामले की चर्चा होती रही।