
Indore Krishnabagh Colony : इंदौर की कृष्णबाग कॉलोनी में 42 मकानों पर प्रशासन की कार्रवाई के बाद पूरे मामले में अब इंदौर विकास प्राधिकरण (आइडीए) की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। जिस जमीन पर कृष्णबाग सहित आसपास की कॉलोनियां विकसित हुईं, वहां वर्ष 1993 में आइडीए ने स्कीम नंबर 132 लागू की थी। बावजूद न तो विकास कार्य हुए और न ही जमीन पर विकसित हो रही कॉलोनियों की प्रभावी निगरानी की गई। नतीजा यह रहा कि इलाके में प्लॉट बिकते रहे और सैकड़ों मकान बनते गए। रहवासियों का सवाल है कि जब जमीन पर आइडीए की स्कीम लागू थी तो कॉलोनियां कैसे बसती गईं और प्लॉट की बिक्री कैसे होती रही? इस दौरान आइडीए के सीईओ और अध्यक्षों की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रभावितों ने जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
आइडीए की वर्ष 1993 की स्कीम नंबर 132 बाद में कोर्ट में मामला पहुंचने पर खारिज हो गई। इसके बाद वर्ष 2009 में नई स्कीम नंबर 171 लागू की गई। यह स्कीम 13 गृह निर्माण संस्थाओं की जमीन पर लागू की गई थी। जमीन निजी थी, लेकिन यहां अवैध रूप से विकसित हो रही कॉलोनियों पर आइडीए के जिम्मेदारों ने प्रभावी निगरानी नहीं की। इसी क्षेत्र में पुष्प विहार, श्री महालक्ष्मी नगर और न्याय नगर जैसी कॉलोनियां विकसित हो गईं।
कृष्णबाग के रहवासियों के मुताबिक, स्कीम लागू होने से पहले ही जमीन पर प्लॉट की बिक्री शुरू हो गई थी। कई लोगों ने वर्ष 2003-04 में प्लॉट खरीदे, जबकि कुछ ने 2012-13 में रजिस्ट्री कराई। उस समय किसी ने उन्हें जमीन के विवाद या कोर्ट में मामला विचाराधीन होने की जानकारी नहीं दी और न ही रजिस्ट्री पर कोई आपत्ति सामने आई।
रहवासियों का कहना है कि उन्होंने राजेश और मनोज से प्लॉट खरीदे थे। इसके बाद मकान बनाए, बिजली कनेक्शन लिए और नियमित रूप से संपत्ति कर भी जमा करते रहे। अब मकान टूटने के बाद वे प्लॉट बेचने वालों के साथ ही उन जिम्मेदार विभागों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, जिनकी निगरानी में यह पूरा इलाका विकसित होता रहा।
प्रमुख बिंदु
कृष्णबाग कॉलोनी में बेघर हुए कई रहवासी
रजिस्ट्री होने के बावजूद मकान तोड़े
छलका दर्द, बोले- 1993 में बनी स्कीम 132
जनप्रतिनिधियों से नहीं मिली राहत
पार्षद से लेकर मंत्री के पास मदद मांगने गए
विधायक भी हाल जानने नहीं पहुंचे
2009 में लागू हुई स्कीम 171