इंदौर

BJP नेता के बेटे का रसूख… जवानों पर चढ़ा दी कार, थाने में की पुलिस से बदतमीजी

MP News: इंदौर में भाजपा नेताओं के पुत्रों का रसूख किस तरह सिर चढ़कर बोल रहा है, इसका एक उदाहरण शनिवार की दोपहर को सामने आया। भाजपा नेता कमाल खान के पुत्र माज खान की कार क्राइम ब्रांच के पुलिसकर्मियों ने रोकी तो पहले जवानों को धमकाया और बाद में कार रिवर्स लेकर पुलिसकर्मियों को रौंदने का प्रयास किया।
2 min read
• •
Updated: 27 Jul 2025, 8:43 AM IST
Indore, BJP Leader Son
Indore, BJP Leader Son (फोटो सोर्स : पत्रिका)

Indore BJP Leader Son: इंदौर में भाजपा नेताओं के पुत्रों का रसूख किस तरह सिर चढ़कर बोल रहा है, इसका एक उदाहरण शनिवार की दोपहर को सामने आया। भाजपा नेता कमाल खान के पुत्र माज खान की कार क्राइम ब्रांच के पुलिसकर्मियों ने रोकी तो पहले जवानों को धमकाया और बाद में कार रिवर्स लेकर पुलिसकर्मियों को रौंदने का प्रयास किया। बाद में थाने से पहुंचे अतिरिक्त बल ने उसे हवालात की सैर कराई लेकिन वहां भी रसूख का रौब झाड़कर धमकाने लगा। आखिर पुलिस ने उस पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।

नशीले पदार्थ को लेकर मुखबिर की सूचना पर शनिवार को पुलिस ने माज खान की कार रुकवाने का प्रयास किया तो वह ले भागा। बाइक से पीछा कर रहे पुलिसकर्मी कार के पास पहुंचकर रुकवाने लगे तो उन पर ही गाड़ी चढ़ा दी, जिससे एक प्रधान आरक्षक घायल हो गए।

ये है मामला

तुकोगंज टीआई जितेन्द्र यादव के मुताबिक, क्राइम ब्रांच के प्रधान आरक्षक दीपक थापा ने शिकायत दी कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि माज खान(Indore BJP Leader Son) नामक युवक अपनी कार से नशीला पदार्थ सप्लाई देने के लिए जा रहा है। धेनु मार्केट में संदिग्ध कार को रुकवाने का प्रयास किया, लेकिन उसने क्राइम ब्रांच की टीम को देखकर गाड़ी न रोकते हुए टीम पर ही जानलेवा हमला कर दिया। पहले तो उसने कार चढ़ाने का प्रयास किया। उसके बाद गाड़ी रिवर्स लेकर पुलिस कर्मियों की बाइक पर चढ़ा दी। माज के साथ एक युवती भी थी। महिला पुलिसकर्मी ने तलाशी ली तो उसने और माज ने बदसलूकी शुरू कर दी। जानकारी पर क्राइम ब्रांच के अन्य पुलिसकर्मी और टीआई जितेन्द्र चौहान पहुंचे और माज को तुकोगंज थाना पुलिस के सुपुर्द किया। माज की गाड़ी के डैशबोर्ड से संदिग्ध पदार्थ भी मिला है। माज के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने, मारपीट और हत्या के प्रयास सहित अन्य गम्भीर धाराओं में केस दर्ज किया है।

रात को केस दर्ज

भाजपा नेता कमाल खान का पुत्र माज खान इससे पहले भी विवादों में आ चुका है। उस पर ड्रग तस्करी सहित कई गंभीर आरोप लग चुके हैं। उस दौरान भी पुलिस से उसने विवाद किया था। इसके बाद फिर उसी तरह का मामला सामने आया है। हालांकि घटना के कई घंटों बाद भी पुलिसकर्मियों ने इस मामले में किसी भी तरह की स्पष्ट जानकारी मीडिया को नहीं दी। मामले को टालते रहे। दोपहर को हुई घटना का मामला रात दस बजे बाद दर्ज किया।

डीसीपी ऑफिस से करीब 300 मीटर पर वारदात

यह घटना शहर के बीचो-बीच और पुलिस थाने व डीसीपी ऑफिस से महज 300 मीटर की दूरी पर ही हुई। पुलिस ने बताया कि माज खान आपराधिक प्रवृत्ति का है। उस पर पहले भी ड्रग्स सप्लाई सहित अन्य गंभीर आरोप लग चुके हैं। पुलिस हिरासत में आने के बाद भी उसने पुलिस कर्मियों से जमकर बदतमीजी कर धमकाने का प्रयास किया।

Updated on:
27 Jul 2025, 8:43 AM IST
Published on: