पांच महीने बाद कोरोना वायरस के फैलाव का आंकड़ा 100 से कम हुआ है। इंदौरवासियों के लिए सुकून देने वाली खबर है।
इंदौर/ मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) की आर्थिक नगरी इंदौर (Indore) में जहां अब कुछ दिनों पहले कोरोना संक्रमण को लेकर हालात बेकाबू थे। वहीं अब करीब पांच महीने बाद कोरोना वायरस (Coronavirus) के फैलाव का आंकड़ा 100 से कम हुआ है। इंदौरवासियों के लिए सुकून देने वाली खबर है। इससे भी ज्यादा राहत की बात ये है कि, जिले में पिछले चार दिनों से कोरोना के कारण किसी भी मरीज की मौत नहीं हुई है। बता दें कि, संक्रमण के फैलाव को रोकने और जल्द से जल्द इसपर लगाम लगाने के उद्दैश्य से अब तक इंदौर में 4 लाख से ज्यादा लोगों की जांच की जा चुकी है।
अब तक 4 लाख से ज्यादा सैंपल की जांच
जिले की कोरोना हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक, रात को सामने आई कोविड-19 (COVID-19) टेस्ट रिपोर्ट में 89 मरीज संक्रमित मिले, जबकि एक मरीज के मौत की पुष्टि हुई। इसके पहले 2 अगस्त को 91 और 3 अगस्त को एक ही दिन में 89 नए पॉजिटिव केस निकले थे। खास बात ये भी है कि, कई महीनों बाद शहर के एक्टिव मरीजों की संख्या 3 हजार से कम हुई है। वहीं, सबसे ज्यादा संक्रमित मरीज इसी महीने 1 अक्टूबर को मिले थे। इस दिन कोरोना संक्रमण के 495 नए मरीज मिले थे। साथ ही, 6 मरीजों की जान भी गई थी। वहीं, अब तक 4 लाख से ज्यादा सैंपलों की जांच हो चुकी है। पिछले 24 घंटे में 4097 सैंपलों की जांच रिपोर्ट में 3994 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। अब तक जिले में 4 लाख 3 हजार 741 सैंपल लिये जा चुके हैं। इनमें 34042 संक्रमित मरीज मिले हैं। अब तक 30 हजार 531 मरीज ठीक होकर अपने घर भी लौट चुके हैं, जबकि 682 मरीजों की जान जा चुकी है। अभी भी जिले में 2829 एक्टिव केस मौजूद हैं।
स्वास्थ अधिकारी के मुताबिक जानकारी
मध्य प्रदेश के स्वास्थ्य अधिकारी के मुताबिक, 'पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण से भोपाल में 3, खरगौन व राजगढ़ में 2-2, जबलपुर, सागर, शहडोल, बैतूल, रतलाम, दमोह, रायसेन, झाबुआ और शाजापुर में 1-1 मरीज की मौत हुई है।' उन्होंने बताया, ‘राज्य में अब तक कोरोना वायरस से सबसे अधिक 679 मौतें इंदौर में हुई हैं, जबकि भोपाल में 474, उज्जैन में 97, सागर में 124, जबलपुर में 202 एवं ग्वालियर में 159 लोगों की मौत हुई है। बाकी मौतें अन्य जिलों में हुई हैं।' अधिकारी ने बताया कि, बृहस्पतिवार को कोविड-19 के 205 नए मामले भोपाल जिले में सामने आए, जबकि इंदौर में 126 और ग्वालियर में 38 नए मामले मिले थे।