इंदौर

पहले आया लड़की का वीडियो कॉल, फिर इंदौर के युवक से वसूले 1.39 लाख रुपए

indore cyber fraud case : इंदौर के द्वारकापुरी क्षेत्र में व्हाट्सएप वीडियो कॉल से युवक को फंसाया, पुलिस ने शुरू की जांच। ठगों ने लूटे 1 लाख 39 हजार रुपए।

2 min read
Jun 19, 2026
indore cyber fraud case whatsapp video call scam
indore cyber fraud case: ठगों ने व्हाट्सएप वीडियो कॉल कर इंदौर के युवक से ठगे लाखों रुपए (फोटो सोर्स- Magnific)

Whatsapp Video Call Scam: मध्य प्रदेश में साइबर ठगी के मामले रुकने का नाम नहीं ले रहे है। साइबर ठग नए-नए तरीकों से मासूम लोगों की खून-पसीने की कमाई को लूटने का प्रयास करते है। ताजा मामला इंदौर जिले से सामने आया है। इंदौर के द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने युवक को अश्लील वीडियो कॉल से जाल में फंसाया। खुद को दिल्ली पुलिस का वरिष्ठ अफसर बताया और 1,39,000 रुपए की ऑनलाइन धोखाधड़ी कर दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने बताया पूरा घटनाक्रम

द्वारकापुरी थाने टीआइ मनीष मिश्रा ने बताया कि मामला 14 जून 2026 का है। इस दिन पीड़ित व्यक्ति को अचानक एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप वीडियो कॉल आया। पीड़ित ने जैसे ही वीडियो कॉल रिसीव किया तो स्क्रीन पर युवती आपत्तिजनक अवस्था में दिखी और इसके बाद महज कुछ सेकंड में कॉल कट गया। इस दौरान ठगों ने स्क्रीन रिकॉर्डिंग से पीड़ित का चेहरा रिकॉर्ड कर स्क्रीनशॉट तैयार कर लिया। पीड़ित को कुछ भी समझ नहीं आया।

दूसरे दिन आया फर्जी एसपी का फोन, फोटो वायरल करने के दी धमकी

फिर दूसरे दिन सुबह 11.15 बजे पीड़ित को एक अन्य मोबाइल नंबर से कॉल आया। कॉल किए व्यक्ति ने खुद को दिल्ली पुलिस का एसपी (पुलिस अधीक्षक) बताया। उसने कहा कि वीडियो कॉल के दौरान पीड़ित का आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड हो चुका है। इसके बाद उसने धमकी दी कि यदि उसे पैसे नहीं दिए तो वे वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर कर देंगे। कॉल करने वाले व्यक्ति ने यह भी कहा कि इस वीडियो को पीड़ित के परिचितों में वायरल कर दिया जाएगा। व्यक्ति ने इसके साथ ही पीड़ित को गंभीर कानूनी कार्रवाई की भी धमकी दी। ठगों की बातें सुनकर पीड़ित डर गया।

बदनामी के डर से युवक ने ट्रांसफर कर दिए रुपए, उधार तक लिया

गिरोह के अन्य सदस्यों ने अलग-अलग नंबर से सामाजिक बदनामी की धमकियों से लगातार कॉल कर पीड़ित को डराना शुरू कर दिया। पीड़ित से आरोपियों के बताए गए बैंक खातों में कई बार में 1.39 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए। उसने कई लोगों से उधार तक ले लिया। लगातार पैसों की मांग होने पर पीड़ित को साइबर फ्रॉड का अहसास हुआ। उसने द्वारकापुरी थाने में शिकायत दर्ज कराई। जिन बैंक खातों और यूपीआइ आइडी में पैसे ट्रांसफर हुए हैं, उन्हें होल्ड कराने की प्रक्रिया की जा रही है। जिन नंबरों से कॉल आए थे. उनकी लोकेशन ट्रेस की जा रही है।

Updated on:
19 Jun 2026 08:16 pm
Published on:
19 Jun 2026 07:54 pm