इंदौर

Indore News: टक्कर मारने के बाद खुद कार में बैठाया, टायर पंचर हुआ तो घायल इंजीनियर को कार में छोड़कर भागा चालक

Indore Engineer Accident: रॉन्ग साइड कार की टक्कर में घायल इंजीनियर को चालक अस्पताल ले जाने का भरोसा देकर कार में बैठा ले गया। टायर पंचर हुआ तो घायल को छोड़ भागा और उसकी मौत हो गई।
2 min read
Aug 17, 2026
indore engineer accident driver left injured
Indore engineer accident: घायल इंजीनियर को कार में छोड़कर भागा चालक (फोटो सोर्स- Patrika)

Indore Crime News: मध्य प्रदेश के इंदौर शहर से चौंका देने वाला मामला सामने आया। किशनगंज थाना क्षेत्र के एबी रोड पर रविवार दोपहर तेज रफ्तार रॉन्ग साइड कार ने दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी। हादसे में 47 वर्षीय इंजीनियर चंद्रशेखर पाटीदार गंभीर रूप से घायल (Engineer Accident) हो गए। कार चालक ने उन्हें अस्पताल पहुंचाने का बहाना किया और अपनी कार में बैठाकर ले गया, लेकिन राऊ गोल चौराहे के पास कार का टायर पंचर होने के बाद चालक घायल को कार में ही छोड़कर फरार हो गया। गंभीर हालत में चंद्रशेखर ने कार के अंदर ही दम तोड़ दिया। बाद में राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने कार से शव बरामद किया।

पीथमपुर में काम करता था मृतक, घर लौटते समय हुआ हादसा

मृतक की पहचान सिलिकॉन सिटी निवासी चंद्रशेखर पाटीदार के रूप में हुई है। वे पीथमपुर स्थित एक निजी कंपनी में इंजीनियर थे। परिजन संजय पाटीदार के मुताबिक रविवार को छुट्टी होने के बावजूद चंद्रशेखर कुछ जरूरी काम निपटाने पीथमपुर स्थित अपने कार्यालय गए थे। दोपहर में काम पूरा करने के बाद वह दोपहिया वाहन से घर लौट रहे थे। इसी दौरान एबी रोड पर सामने से रॉन्ग साइड में तेज रफ्तार से आ रही कार ने उनके वाहन को टक्कर मार दी।

भीड़ के सामने अस्पताल ले जाने का किया नाटक

परिजन के मुताबिक हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार भोपाल पासिंग की थी और उसमें चार लोग सवार थे। चालक कथित तौर पर शराब के नशे में था और तेज गति से गलत दिशा में वाहन चला रहा था। हादसे में चंद्रशेखर गंभीर रूप से घायल हो गए। भीड़ के सामने चालक ने उन्हें अस्पताल ले जाने की बात कही और अपनी कार में बैठा लिया।

कार राऊ गोल चौराहे की तरफ पहुंची ही थी कि उसका टायर पंचर हो गया। इसी दौरान घायल चंद्रशेखर की हालत बिगड़ गई और उन्होने कार के अंदर ही दम तोड़ दिया। उनकी मौत के बाद चालक घबरा गया और कार तथा उसमें पड़े शव को वहीं छोड़कर फरार हो गया। काफी देर तक लावारिस हालत में खड़ी कार को देखकर राहगीरों को संदेह हुआ।

कार जब्त, चालक की तलाश

राऊ थाना प्रभारी राजपाल सिंह राठौर ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। लावारिस कार को जब्त कर लिया गया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। घटनास्थल और कार के आसपास आरोपी चालक या उसके साथ मौजूद अन्य लोगों का पता नहीं चला है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस कार के आधार पर आरोपी चालक की पहचान और तलाश में जुटी है। चंद्रशेखर अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों का परिवार छोड़ गए हैं। हादसे और उसके बाद चालक के घायल को छोड़कर भाग जाने की घटना से परिवार में मातम है।

Updated on:
17 Aug 2026 11:33 am
Published on:
17 Aug 2026 11:33 am