इंदौर

अगर आपके बैंक खाते में अचानक आ जाएं करोंड़ों रूपए तो क्या करेंगे? जानें इंदौर के वकील ने 34 करोड़ का क्या किया

Wrong Transfer : इंदौर के सीनियर एडवोकेट अजय बागड़िया के खाते में गलती से 34.32 करोड़ रुपए ट्रांसफर हो गए। वकील ने खुद विभाग को सूचना देकर 9 नवंबर को पूरी रकम लौटा दी। भुगतान प्रक्रिया पर उठे सवाल।
3 min read
• •
Updated: 19 Nov 2026, 6:46 PM IST
Wrong Transfer
सीनियर एडवोकेट अजय बागड़िया (फोटो सोर्स: Ajay Bagadiya Facebook)

Indore News : अबतक आपने बैंक खाते में त्रुटि के चलते अचानक कुछ हजार या लाख रुपए आने या खाते से कटकर किसी और खाते में जाने के मामले तो देखे या सुने होंगे। लेकिन, जरा सोचिये.. अगर आपको सुबह-सुबह अपने मोबाइल पर बैंक से मैसेज आए, जिसमें लिखा हो कि, आपके बैंक खाते में 34 करोड़ से ज्यादा रकम जमा हुई है तो आपका रिएक्शन क्या होगा? है न हैरानी की बात। ऐसी ही एक घटना घटी है मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में रहने वाले सीनियर वकील के साथ, जिनके बैंक खाते में हजारों या लाखों में नहीं, बल्कि करोड़ों रूपए ट्रांसफर हो गए।

पहले तो उन्हें अपनी आंखों पर यकीन नहीं हुआ। उन्होंने बैंक से आए मैसेज को ही फर्जी समझा, लेकिन कुछ देर बाद जब उन्हें खुद उनके बैंक की ओर से फोन आया तो वो हैरान रह गए। उनके बैंक खाते में कुछ हजार या कुछ लाख नहीं, बल्कि 34 करोड़ 32 लाख 94 हजार 346 रुपए ट्रांसफर किए गए थे।

आखिर किसने ट्रांसफर की इतनी बड़ी रकम?

अधिक जांच करने पर सीनियर एडवोकेट अजय बागड़िया को बता चला कि, उनके बैंक खाते में एनईएफटी के जरिए इतनी बड़ी रकम ट्रांसफर हुई है। अब उनके दिमाग में सबसे बड़ा सवाल ये आया कि, आखिर इतनी बड़ी रकम उनके खाते में ट्रांसफर किसने की और आखिर इतनी बड़ी रकम ट्रांसफर करने वाला शख्स उनसे संपर्क क्यों नहीं कर रहा? शुरुआत में उन्होंने सोचा कि, जिसने भी ये रकम ट्रांसफर की है, वो उनसे संपर्क करेगा। लेकिन, बड़ी हैरानी तो तब हुई, जब पूरा दिन बीत गया, पर किसी ने भी इस संबंध में उनसे संपर्क तक नहीं किया।

देश के बड़े सरकारी विभाग से हुई चूक

इसपर उन्होंने प्रस्तावित कामों और व्यस्तता को छोड़कर अगले दिन बैंक पहुंचकर अपने स्तर पर पड़ताल शुरु की। इस दौरान उन्हें पता चला कि, इतनी बड़ी रकम उन्हें किसी कारोबारी या निजी व्यक्ति द्वारा नहीं, बल्कि नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) द्वारा भेजी गई थी। अब इस जानकारी के सामने आने के बाद एक और बड़ा सवाल उनके सामने आ गया और वो ये कि, आखिर इतनी बड़ी लापरवाही देश के इतने बड़े विभाग से हो कैसे सकती है? इसके बाद जो हुआ, उसने इस पूरे मामले को चर्चा का विषय बना दिया।

विभाग में मचा हड़कंप

खाते की जांच करने पर एनएचएआई द्वारा पैसा ट्रांसफर करने की बात सामने आने के बाद उन्होंने खुद विभाग के संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया। उन्होंने हरदा के एनएचएआई प्रोजेक्ट मैनेजर मनीष मीणा को फोन कर बताया कि, उनके बैंक खाते में विभाग ने इतनी बड़ी रकम ट्रांसफर कर दी है। जैसे ही ये जानकारी अन्य आला अधिकारियों तक पहुंची तो विभाग में हड़कंप मच गया। पूरे दिन की पड़ताल के बाद आखिरकार प्रोजेक्ट मैनेजर ने भुगतान में हुई गलती स्वीकार की और वकील से पूरी राशि वापस लौटाने का अनुरोध किया।

48 घंटे में वापस हुई पूरी रकम

इसके बाद अजय बागड़िया ने गलती से खाते में आए 34 करोड़ 32 लाख 94 हजार 346 रुपए की पूरी रकम विभाग को वापस लौटा दी। इस तरह महज दो दिन के भीतर करोड़ों रुपए का पूरा लेनदेन वापस किया गया। इस घटना में सबसे दिलचस्प पहलू यह रहा कि, इतनी बड़ी रकम खाते में आने के बावजूद वकील ईमानदारी का संदेश देते हुए खुद अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। साथ ही, जबतक खाते में वो रकम रही, तबतक खाते में मौजूद उनकी खुद की रकम का भी इस्तेमाल किया, ताकि किसी तरह का कन्फ्यूजन भी पैदा न हो सके।

NHAI से कैसे हुई इतनी बड़ी चूक?

मामले में बड़ा सवाल ये है कि, आखिर एऩएचएआई से रकम ट्रांसफर करने में इतनी बड़ी चूक कैसे हो गई। कैसे इतनी बड़ी राशि किसी गलत बैंक खाते में ट्रांसफर की गई? जानकारी के अनुसर, जबकि विभाग में किसी भी भुगतान के लिए प्रोजेक्ट ऑफिसर, प्रोजेक्ट डायरेक्टर और फाइनेंस विभाग के स्तर पर दस्तावेजों के साथ-साथ अलग अलग स्तर पर बैंक खाते का सत्यापन होता है। एक जानकारी ये भी है कि, अजय बागड़िया एनएचएआई से जुड़े मामलों की पैरवी भी करते हैं। ऐसे में ये भी जांच का विषय है कि, आखिर उनके बैंक खाते की जानकारी कैसे संबंधित ट्रांजेक्शन तक पहुंची। यानी आखिर गलती किस स्तर पर हुई है।

Updated on:
19 Nov 2026, 6:46 PM IST
Published on: