
Indore news:मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में बड़े अपराधों को अंजाम देकर सबूत मिटाने या घटनास्थल पर अधूरे निशान छोड़ने वाले अपराधियों के लिए अब बच निकलना मुश्किल होगा। इंदौर पुलिस कमिश्नरेट के फॉरेंसिक बेड़े में आधुनिक तकनीक से लैस 'साइनोएक्रिलेट फ्यूमिंग चैबर' मशीन शामिल हुई है। भोपाल पुलिस मुख्यालय से मिली यह मशीन फिंगरप्रिंट विभाग को सौंपी गई है। इसकी मदद से वारदात स्थल से मिलने वाले अधूरे और धुंधले फिंगरप्रिंट को स्पष्ट किया जा सकेगा। परंपरागत पाउडर तकनीक की तुलना में यह मशीन महज 15 मिनट में कांच, धातु और पॉलिथिन जैसी सतहों पर छिपे निशान रिकवर कर सकती है। इससे जांच की गति और सटीकता दोनों बढ़ेगी।
एडिशनल पुलिस कमिश्नर आरके सिंह के अनुसार, भोपाल पुलिस मुख्यालय से इंदौर पुलिस कमिश्नरेट को साइनोएक्रिलेट फ्यूर्मिग चैबर मशीन की एक यूनिट मिली है, जिसे फिंगरप्रिंट विभाग को आवंटित कर दिया गया है। वारदात स्थल पर छूटे अधूरे और अस्पष्ट चांस फिंगरप्रिंट विकसित करने में यह तकनीक महत्वपूर्ण साबित होगी। मशीन के प्रभावी संचालन के लिए विभाग के स्टाफ को जल्द ही विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह फॉरेंसिक जांच में इस्तेमाल होने वाला विशेष बॉक्सनुमा उपकरण है। इसमें प्लास्टिक, धातु कांच और अन्य नॉन-पोरस सतहों पर मौजूद अंगुलियों के छिपे निशानों को विकसित कर स्पष्ट रूप से देखा और रिकवर किया जा सकता है।
फिंगरप्रिंट विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, सामान्य तौर पर घटनास्थल से चांस फिंगरप्रिंट जुटाने के लिए पाउडर तकनीक का इस्तेमाल किया जाता है। हालांकि, कई परिस्थितियों में पाउडर से निशान स्पष्ट नहीं हो पाते या सैंपल खराब होने की आशंका रहती है। ऐसे मामलों में फ्यूमिंग तकनीक उपयोगी साबित होगी। इसकी खासियत यह है कि मशीन महज 15 मिनट में सैंपल प्रोसेस कर फिंगरप्रिंट रिकवर कर सकती है। खासकर कांच, धातु और पॉलिथिन जैसी सतहों पर यह तकनीक अधिक कारगर है।
कई बार जांच टीम वारदात के कुछ दिनों बाद घटनास्थल पर पहुंचती है। इस दौरान घर के बाहरी हिस्सों या अन्य सतहों पर ओस गिरने और सूखने से फिंगरप्रिंट प्रभावित हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में पाउडर तकनीक से निशान लेने में परेशानी आती है और सैंपल फेल होने की आशंका रहती है। नई मशीन में संबंधित सतह या सैंपल को चैंबर में रखकर फ्यूमिंग प्रक्रिया के जरिए चांस फिंगरप्रिंट विकसित किए जा सकेंगे। इससे ओस की सूखी बूंदों के दाग से प्रभावित निशानों को रिकवर करने में भी मदद मिलेगी।
मशीन से विकसित किए गए चांस फिंगरप्रिंट का रिकॉर्ड तैयार कर नेफिस (नेशनल ऑटोमेटेड फिंगरप्रिंट आइडेंटिफिकेशन सिस्टम) में अपलोड किया जाएगा। इसका फायदा यह होगा कि पहली बार अपराध करने के बाद बच निकला आरोपी भविष्य में किसी दूसरे मामले में पकड़ा जाता है, तो फिंगरप्रिंट का सिस्टम में मौजूद पुराने रिकॉर्ड से मिलान किया जा सकेगा।