
Indore Kailash Vijayvargiya: मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय अक्सर अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहते हैं। बीते दिनों भी कैलाश विजयवर्गीय ने इंदौर में एक महिला भाजपा पार्षद पर भद्दा कमेंट किया था, जिससे बवाल मच गया था। अब उस बयान को मीडिया के द्वारा प्रमुखता से दिखाए जाने को लेकर कैलाश विजयवर्गीय ने मीडिया पर गुस्सा निकाला है। इंदौर में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मीडिया को देखकर मुंह फेर लिया और कहा कि इंदौर में बाइट देना बंद।
देखें वीडियो-
कैलाश विजयवर्गीय दतुन पहाड़ी पर आयोजित 25 हजार पौधे लगाने केपौधरोपण अभियान में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम के बाद जैसे ही मीडियाकर्मी उनसे बातचीत करने और सवाल पूछने के लिए पहुंचे तो कैलाश विजयवर्गीय ने मीडिया से मुंह फेर लिया। कैलाश विजयवर्गीय ने कहा 'इंदौर में बाइट देना बंद'।
बता दें कि बीते रविवार को इंदौर में विधानसभा क्रमांक-1 में भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने एक महिला पार्षद पर बॉडी शेमिंग करते हुए टिप्पणी की थी। तब मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने पहले तो स्थानीय महिला पार्षद की सक्रियता और काम की खूब तारीफ की थी। इस दौरान उनकी नजर मंच पर मौजूद इंदौर-5 के विधायक महेंद्र हार्डिया पर पड़ी। उन्हें देखकर मंत्री कैलाश ने अचरज भरी निगाह से कहा, भोले-भंडारी महेंद्र जी आप तो नजर ही नहीं आए, फिर कहा, अच्छा आप पार्षद के पीछे बैठे थे, इसके बाद महिला पार्षद का नाम लेते हुए मंत्री कैलाश ने बॉडी शेमिंग कर दी। कहा-आजकल दीदी…। मंच से मंत्री की इस टिप्पणी के बाद कार्यक्रम स्थल पर जोर जोर से हंसी के ठहाके लगे। मंत्री कैलाश खुद भी इस पर देर तक हंसते रहे। महिला पार्षद पर की गई विजयवर्गीय की बॉडी शेमिंग का वीडियो वायरल हुआ है।