
Kailash Vijayvargiya Vidhan Sabha seat: मध्य प्रदेश के इंदौर में मतदाता सूची (Indore voter list) में होने वाले बदलाव की जानकारी सार्वजनिक करने को लेकर पत्रिका के खुलासे के बाद जिला प्रशासन हरकत में आया। इंदौर में मतदाता सूची में बदलाव को लेकर आए आवेदनों की जानकारी सार्वजनिक नहीं करने वाले इंदौर जिला निर्वाचन कार्यालय ने गुरुवार को दो ओर विधानसभाओं इंदौर-2 व इंदौर-3 की अधूरी जानकारी सार्वजनिक की। वहीं मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और तुलसीराम सिलावट की विधानसभाओं के साथ ही अल्पसंख्यक बाहुल्य महू और इंदौर-5 की जानकारी अभी भी सार्वजनिक नहीं की गई है।
निर्वाचन कार्यालय को इंदौर की सभी नौ विधानसभा सीटों की मतदाता सूची में नाम जोड़ने, घटाने और पता परिवर्तन की सूची सार्वजनिक करना है। जिला प्रशासन ने केवल इंदौर-4 की ही जानकारी सार्वजनिक की थी। इसके अलावा देपालपुर और राऊ की अधूरी जानकारी सार्वजनिक की गई थी। पत्रिका ने गुरुवार को इसका खुलासा किया तब इंदौर-2 और इंदौर-3 की अधूरी जानकारी सार्वजनिक की, वो भी केवल अक्टूबर माह की। उसके पहले के महीनों के बारे में किसी भी विधानसभा की जानकारी नहीं दी थी।
पत्रिका की खबर के बाद प्रशासन अपनी गलती छिपाने में लगा है, लेकिन उसके बाद भी विधानसभा-1 की जानकारी अभी भी सार्वजनिक नहीं की गई है। इस विधानसभा की सालभर में कभी भी कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं की। इसी तरह से इंदौर के दूसरे मंत्री तुलसी सिलावट और अल्पसंख्यक बाहुल्य सीट इंदौर-5 और महू की भी पूरे साल में किसी भी माह में जानकारी सार्वजनिक नहीं की।
इंदौर जिला निर्वाचन कार्यालय ने राज्य सूचना आयोग के समक्ष अंडरटेकिंग दी थी कि सारी जानकारी सार्वजनिक है लेकिन वेबसाइट पर कुछ सीटों की अधूरी जानकारी होने के बाद राज्य सूचना आयोग के समक्ष पूर्व पार्षद दिलीप कौशल ने शपथ-पत्र पर शिकायत की है। बताया है कि आयोग में निर्वाचन से जुड़े अफसरों ने गलत जानकारी दी है, अभी भी कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं है। उन्होंने झूठा शपथ-पत्र देने और आयोग के समक्ष गलत बयानी को लेकर अफसरों पर एफआइआर व अन्य कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई है।
पत्रिका के खुलासे के बाद जिला प्रशासन में मचा हड़कंप साफ समझ आ रहा है। जिला निर्वाचन कार्यालय ने निर्वाचन की वेबसाइट पर इंदौर-2 के नाम जोड़ने और पता परिवर्तन की सूची दो बार डाल दी। वहीं अक्टूबर माह में ही ये खेल हुआ है।
इंदौर की सभी सीटों में बड़ी संख्या में नाम मतदाता सूची से हटाए हैं, लेकिन इसकी जानकारी निर्वाचन कार्यालय सार्वजनिक नहीं कर रहा। केवल इंदौर-4 में सालभर मेंजोनामहटाए, उनकी जानकारी दी। बाकी सीट की कोई जानकारी नहीं दी। इंदौर-4 के अलावा इंदौर-2 और राऊ में सितंबर में हटाए नामों की सूची जारी की गई है। बाकी महीनों में यहां के नामों की भी जानकारी नहीं है।