इंदौर

पत्रिका पड़ताल: इंदौर के कृष्णबाग कॉलोनी को वैध करने की थी तैयारी, 4 साल पुराने आदेश ने मचाई हलचल

Krishnabagh Colony bulldozer action: पत्रिका की पड़ताल में इंदौर की कृष्णबाग कॉलोनी में बुलडोजर कार्रवाई के बाद नगर निगम का 2021 का आदेश सामने आया है। इसमें जमीन को न्यायनगर एक्सटेंशन की अवैध कॉलोनी का हिस्सा बताया गया था।
3 min read
• •
Updated: 26 Nov 2026, 10:51 AM IST
krishnabagh colony bulldozer action nagar nigam 2021 order nyaynagar extension
Indore Bulldozer Action: कृष्णबाग कॉलोनी को वैध करने की थी तैयारी (फोटो सोर्स- Patrika)

Krishnabagh Colony bulldozer action:इंदौर की कृष्णबाग कॉलोनी में मकानों पर बुलडोजर चलने के बाद अब नगर निगम का चार साल पुराना आदेश कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। नगर निगम खुद इस जमीन को न्यायनगर एक्सटेंशन की अवैध कॉलोनी का हिस्सा मान चुका था। इतना ही नहीं, निगम ने जमीन पर श्रीराम बिल्डर्स के मालिकाना हक को विवादित बताते हुए उनकी भवन निर्माण अनुमतियां भी प्रतिबंधित कर दी थीं। निगम के रिकॉर्ड में यह जमीन न्यायनगर एक्सटेंशन के नियमितीकरण की प्रक्रिया में शामिल थी। बावजूद कृष्णबाग के मकानों को तोड़ने से जुड़े अदालती मामले में नगर निगम को पक्षकार नहीं बनाया गया। सवाल यह है कि जब निगम के पास जमीन की कॉलोनी स्थिति, स्वामित्व विवाद और भवन अनुमतियों को लेकर अपना विस्तृत आदेश मौजूद था, तो इस पूरे विवाद में उसकी भूमिका और रिकॉर्ड अदालत के सामने किस रूप में आए?

नगर निगम की तत्कालीन आयुक्त प्रतिभा पाल ने 23 अगस्त 2021 को आदेश जारी कर ग्राम खजराना की विवादित जमीन को न्यायनगर एक्सटेंशन की अवैध कॉलोनी का हिस्सा माना था। आदेश में साफ कहा गया था कि जमीन पर श्रीराम बिल्डर्स का मालिकाना हक विवादित है। निगम के मुताबिक, जमीन पहले से न्यायनगर कर्मचारी गृह निर्माण सहकारी संस्था की कॉलोनी से संबंधित थी और इसे अवैध से वैध करने की प्रक्रिया भी चल रही थी। बावजूद श्रीराम बिल्डर्स ने भवन निर्माण की अनुमति हासिल कर ली थी। निगम ने माना था कि तथ्य छिपाकर अनुमति प्राप्त की गई।

भवन अनुमतियां प्रतिबंधित, फिर हाईकोर्ट पहुंचे बिल्डर

इन दस्तावेजों और तथ्यों के आधार पर नगर निगम ने श्रीराम बिल्डर्स का जवाब असंतोषजनक माना था। निगम ने 16 फरवरी 2021 को जारी तीन भवन निर्माण अनुमतियों को प्रतिबंधित करने का आदेश दिया था। इसके बाद 23 अगस्त 2021 के आदेश को श्रीराम बिल्डर्स ने हाईकोर्ट में चुनौती दी। बिल्डर्स की ओर से शशिभूषण खंडेलवाल ने याचिका दायर कर निगम के आदेश को चुनौती देते हुए राहत मांगी थी। 16 अक्टूबर 2025 को जस्टिस प्रणय वर्मा की अदालत में सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से याचिका वापस लेने का आवेदन प्रस्तुत किया गया। हाईकोर्ट ने आवेदन स्वीकार करते हुए याचिका वापस लिए जाने के आधार पर प्रकरण निराकृत कर दिया। इस आदेश में याचिका वापस लेने के आधार पर ही उसका निराकरण हुआ था।

सवाल निगम के आदेश की क्या भूमिका रही?

अब कृष्णबाग के मकानों पर कार्रवाई के बाद 2021 का निगम आदेश फिर चर्चा में है। सवाल केवल जमीन के मालिकाना हक का नहीं, बल्कि यह भी है कि निगम के पुराने रिकॉर्ड, नियमितीकरण की प्रक्रिया और भवन अनुमतियां प्रतिबंधित करने के आदेश का मौजूदा विवाद में कितना संज्ञान लिया गया। जब निगम खुद जमीन को न्यायनगर एक्सटेंशन का हिस्सा मान चुका था, तो इस तथ्य की न्यायिक कार्यवाही में क्या भूमिका रही?

2000 से नियमितीकरण की प्रक्रिया में थी जमीन

निगम के आदेश में ग्राम खजराना के सर्वे नंबर 66/2,73/4/2,74,75/3,83/2 और 84/2 की कुल 3.194 हेक्टेयर जमीन का उल्लेख है। आदेश के अनुसार, न्यायनगर कॉलोनी के नियमितीकरण के लिए 28 मार्च 2000 को आवेदन प्रस्तुत किया था। इसके साथ लगी सूची और 27 अगस्त 2003 को निगम को दिए गए नोटिस में भी सर्वे नंबर 66, 73, 74, 83 और 84 की जमीन को न्यायनगर एक्सटेंशन की अवैध कॉलोनी का हिस्सा जमीन बताया था। नियमितीकरण के लिए की गई कार्रवाई में भी सर्वे नंबरों का उल्लेख था, यानी निगम के रिकॉर्ड में यह नई या अलग विकसित कॉलोनी नहीं, बल्कि न्यायनगर एक्सटेंशन के हिस्से के रूप में दर्ज थी। बावजूद बाद में इसी जमीन पर श्रीराम बिल्डर्स की ओर से भवन निर्माण की अनुमति ली गई।

हाईकोर्ट के पुराने आदेश भी निगम ने किए थे पेश

नगर निगम ने 23 अगस्त 2021 के आदेश में हाईकोर्ट के डब्ल्यूपी क्रमांक 3543/2009 और रिट अपील क्रमांक 425/2014 का भी हवाला दिया था। निगम के अनुसार, 22 दिसंबर 2016 को रिट अपील में पारित आदेश में भी न्यायनगर एक्सटेंशन की जमीन को अवैध कॉलोनी की सूची में शामिल माना गया था। बावजूद श्रीराम बिल्डर्स ने अपने जवाब में दावा किया था कि संबंधित जमीन कॉलोनी की सूची में शामिल नहीं है। निगम ने इसे महत्वपूर्ण जानकारी छिपाने का प्रयास माना था।

आंगन उजड़ा, सपने बिखरे…

कल तक जिस आंगन में उसकी हंसी गूंजती थी, जहां खेलते हुए शाम कब ढल जाती थी, पता ही नहीं चलता था, आज वहां ईंटों और मलबे का ढेर है। कृष्णबाग में मकानों पर चली कार्रवाई ने सिर्फ दीवारें नहीं तोड़ीं, एक मासूम की पूरी दुनिया उजाड़ दी। तस्वीर में मायूस होकर बैठी बच्ची के सामने अब न उसका घर है, न खेलने का आंगन और न वे साथी, जिनके साथ उसकी रोज की खुशियां जुड़ी थीं। कोई परिवार दूसरी जगह चला गया, तो कोई अपने टूटे घर के टीन और सामान में नया ठिकाना तलाश रहा है। जिन घरों को परिवारों ने सपनों और जिंदगीभर की कमाई से बनाया था, वे आंखों के सामने मलबे में बदल गए। इस बच्ची को शायद कानून की धाराएं नहीं मालूम, लेकिन उसका सवाल बहुत बड़ा है… अगर गलती थी, तो इतने साल तक किसी ने रोका क्यों नहीं? क्या सारा दोष हमारा ही था?

Updated on:
26 Nov 2026, 10:51 AM IST
Published on: