इंदौर

‘मंदिर में रह रहा हूं, कब तक रहूंगा पता नहीं…’, बताते हुए रो पड़ा रहवासी, इंदौर में 42 मकान टूटे, लोगों का छलका दर्द

Krishnabagh Colony Demolition: इंदौर की कृष्णबाग कॉलोनी में 42 मकान टूटने के बाद प्रभावित परिवार बेघर हैं। शुक्रवार को प्रेस क्लब पहुंचे रहवासियों ने कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए न्याय की मांग की।
3 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 10:45 AM IST
krishnabagh colony demolition homeless families protest over bulldozer action
Krishnabagh Colony Demolition: इंदौर में 42 मकान टूटने पर रहवासियों का छलका दर्द (फोटो सोर्स- Patrika)

Krishnabagh Colony Homeless families protest: किसी ने पैतृक जमीन बेचकर प्लॉट खरीदा तो किसी ने कर्ज लेकर मकान बनाया। रजिस्ट्री कराई, नगर निगम को टैक्स दिया और वर्षों तक परिवार के साथ उसी आशियाने में रहे। लेकिन एक कार्रवाई में 42 मकान जमींदोज हो गए। अब परिवार बेघर है और सरकारी व्यवस्था से जवाब मांग रहे हैं। शुक्रवार को इंदौर के कृष्णबाग कॉलोनी (Krishnabagh Colony Demolition) के प्रभावित परिवार इंदौर प्रेस क्लब पहुंचे तो उनका दर्द छलक पड़ा।

'बच्चों का भविष्य किया खराब, मंदिर में रहने को मजबूर परिवार'

एक महिला ने कहा कि कार्रवाई ने सिर्फ उन्हें बेघर नहीं किया, बल्कि बच्चों का भविष्य भी खराब कर दिया। बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे और परिवार सर्द मौसम में खुले आसमान के नीचे रात गुजार रहे हैं। एक अन्य पीड़ित ने बताया कि उसकी फूलों की दुकान है। मालवा मिल में पैतृक मकान था, लेकिन संयुक्त परिवार में जगह कम होने से कृष्णबाग में मकान खरीदा था। अब यह मकान भी तोड़ दिया गया। फिलहाल मंदिर में रह रहा हूं, लेकिन कब तक वहां रहूंगा, पता नहीं। अपनी व्यथा बताते बताते वह रो पड़ा। प्रभावितों की मांग है कि हाईकोर्ट की निगरानी में कमेटी बनाकर जांच कराई जाए, दोषियों पर कार्रवाई हो और 42 परिवारों को मुआवजा व पुनर्वास मिले।

दस्तावेज लेकर सवाल

विक्रय लेख : रहवासियों का आरोप है कि शशिभूषण खंडेलवाल ने श्रीराम बिल्डर के नाम से चंपालाल सिद्ध से 31 मार्च 2003 को फर्जी विक्रय लेख कराया। इसी दस्तावेज के आधार पर निगम से भवन निर्माण अनुज्ञा प्राप्त की गई थी।

भवन निर्माण अनुज्ञा निरस्त: तत्कालीन निगम

आयुक्त प्रतिभा पालन ग अगस्त 2021 को संबंधित भवन निर्माण अनुज्ञा निरस्त कर दी थी। रहवासियों के मुताबिक, हाईकोर्ट की रिट अपील के आदेश के आधार पर भूमि नगर निगम के आधिपत्य में ली गई थी। इसके विरुद्ध शशिभूषण खंडेलवाल की रिट याचिका 16 अक्टूबर 2025 को वापस लिए जाने के बाद यह आदेश अंतिम हो गया।

नगर निगम को पक्षकार नहीं बनाया

आरोप है कि नगर निगम को पक्षकार बनाए बिना केवल राजस्व निरीक्षक और पटवारी के आधार पर एकपक्षीय निष्कासन आदेश तैयार किया गया। इसमें पुराने कोर्ट और प्रशासनिक आदेशों को नजरअंदाज किया गया।

बैंक खाते और रजिस्ट्री पर आरोप

रहवासियों का आरोप है कि विक्रय लेख में दर्शाई गई भूमि की राशि न्याय नगर कर्मचारी गृह निर्माण सहकारी संस्था में जमा नहीं हुई। मार्च 2003 में आईसीआईसीआई बैंक, एमजी रोड इंदौर में संस्था के नाम से कथित फर्जी खाता खोलकर दस्तावेजों के आधार पर राशि वापस प्राप्त कर ली गई। इसके अलावा 26 दिसंबर 1997 की कथित फर्जी रजिस्ट्री से सर्वे क्रमांक 66 की भूमि को न्याय नगर एक्सटेंशन में शामिल करने का प्रयास किया गया।

भूमि के मूल स्वामित्व का दावा

कृष्णबाग कॉलोनी ग्राम खजराना की सर्वे क्रमांक 66 की 4.51 एकड़ भूमि पर बसी है। रहवासियों के अनुसार जमीन मूल रूप से अली मोहम्मद की थी। उन्होंने 23 जनवरी 1996 को नोटरीकृत अनुबंध क्रमांक 135/96 के जरिए 11 लाख 95 हजार रुपए लेकर भूमि का अनुबंध सुरेश पिता चंदूलाल सिलावट से किया था। इसके बाद सुरेश ने स्वयं को भूमि स्वामी बताते हुए आठ लोगों को जमीन बेची और राजेश राठौर को मुख्तार बनाकर कॉलोनी बसाई। राजेश राठौर का कुछ समय पहले निधन हो चुका है।

खड़ा होता है ये सवाल…

प्रेस क्लब में प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता अमित चौरसिया भी मौजूद रहे। प्रभावित परिवारों की ओर से अधिवक्ता कुशाग्र चौहान, अक्षय पंवार और पंकज तिवारी ने कार्रवाई पर सवाल उठाए। रहवासियों का आरोप है कि राजस्व विभाग के कुछ अधिकारियों-कर्मचारियों ने मिलीभगत कर महत्वपूर्ण दस्तावेज और न्यायालयीन तथ्य छिपाए तथा शशिभूषण खंडेलवाल को करीब 100 करोड़ रुपए का लाभ पहुंचाया। उनका दावा है कि कार्रवाई एकपक्षीय रही। किसी को व्यक्तिगत नोटिस नहीं दिया गया, बल्कि नोटिस कॉलोनी के पीछे स्थित मंदिर पर सामूहिक रूप से चस्पा किए जाते थे।

2012 में बनाया मकान, 2024 में मिला नोटिस

एक पीड़िता ने बताया कि उसने 2012 में मकान बनाया था। जमीन खरीदी थी, किसी की जमीन पर कब्जा नहीं किया। 2024 में मकान खाली करने का नोटिस मिला। एक अन्य पीड़ित के मुताबिक प्लॉट राजेश राठौर ने बेचे थे और उनके पास प्लॉट बेचने का पावर था। लोगों ने रजिस्ट्री कराई, टैक्स जमा किया और जीवनभर की कमाई मकान बनाने में लगा दी। वर्ष 2023-24 में नोटिस मिलने शुरू हुए, लेकिन वे भी मंदिर पर चस्पा किए जाते थे।

सवाल : भूमि से जुड़े अनुबंध, विक्रय दस्तावेज और अन्य अभिलेख राजस्व अधिकारियों के पास थे, लेकिन कार्रवाई में नजरअंदाज किया गया। आरोप है कि तथ्य छिपाकर कोर्ट में दस्तावेज पेश किए गए।

Updated on:
28 Nov 2026, 10:45 AM IST
Published on: