MP News: ढाबे से काम खत्म कर घर लौट रहे एक कर्मचारी को तीन बदमाशों ने पहले लूटा, फिर उसे जान से मारने की नीयत से कुएं में फेंक दिया।
MP News: मध्य प्रदेश के इंदौर में लूटेरों ने दिल दहला देने वाली वारदात को अंजाम दिया जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। जिले के सिमरोल थाना क्षेत्र में बदमाशों की हैवानियत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ढाबे से काम खत्म कर घर लौट रहे एक कर्मचारी को तीन बदमाशों ने पहले लूटा, फिर उसे जान से मारने की नीयत से कुएं में फेंक दिया। घायल युवक पूरी रात कुएं में पड़ा मदद के लिए चिल्लाता रहा। सुबह ग्रामीणों ने आवाज सुनकर उसे बाहर निकाला। गंभीर हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसके दोनों पैरों में फ्रैक्चर मिला है।
पुलिस के मुताबिक संजय यादव निवासी गिरीराज वेली ने मामले की शिकायत दर्ज कराई है। वह तिल्लौर के एक ढाबे पर खाना बनाने का काम करता है। देर रात वह बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में एक युवक ने हाथ देकर उसे रोकने की कोशिश की। सुनसान इलाका और देर रात होने के कारण संजय नहीं रुका और आगे बढ़ गया। कुछ दूरी पर पहुंचते ही दो बदमाश बाइक से उसके पीछे आ गए। आरोपियों ने चलते वाहन पर डंडा मार दिया, जिससे संजय संतुलन खो बैठा और सड़क किनारे खेत में जा गिरा।
गिरते ही तीनों बदमाश उस पर टूट पड़े। आरोपियों ने डंडों से बेरहमी से मारपीट की और उसके पास रखा मोबाइल फोन नकदी और बाइक लूट ली। इसके बाद भी बदमाशों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। उन्होंने घायल संजय को उठाया और पास के एक कुएं में फेंक दिया। बदमाशों को लगा कि कुएं में गिरने से उसकी मौत हो जाएगी।
कुएं में गिरने और मारपीट के कारण संजय गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके दोनों पैरों में फ्रैक्चर आया है। पुलिस ने तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
संजय पूरी रात कुएं में घायल हालत में पड़ा रहा। यह लगातार मदद के लिए चिल्लाता रहा, लेकिन रात अधिक होने के कारण उसकी आवाज किसी तक नहीं पहुंच सकी। सुबह यहां से गुजर रहे युवक को कुएं के अंदर से आवाज सुनाई दी। उसने पास जाकर देखा तो संजय घायल हालत में पड़ा था, लेकिन अकेले उसे बाहर निकालना संभव नहीं था। संजय ने युवक को अपने घर का पता बताया। युवक ने कॉलोनी पहुंचकर परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिवार और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और रस्सियों से बांधकर उसे बाहर निकाला।