MP News: छात्रा के अनुसार, पहचान सामने आने के बाद आरोपी ने शादी के लिए धर्म परिवर्तन करने की शर्त रख दी।
MP News:मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में एक छात्रा के साथ धोखे से संबंध बनाने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डालने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि पहचान छिपाकर 19 वर्षीय छात्रा को शादी का झांसा देकर बलात्कार करने व धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर करने के आरोप में पुलिस ने युवक को गिरफ्तार किया है।
टीआइ श्रद्धा यादव ने बताया कि पीड़ित शहर के निजी कॉलेज में पढ़ाई करती है और किराए से रहती है। छात्रा ने बताया, एक साल पहले उसकी मुलाकात युवक से हुई थी। उसने नाम राहुल बताया था। आरोपी उसे अपने घर ले गया, जहां शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। कुछ दिन बाद आरोपी ने बताया कि उसका नाम अब्दुल अजीज पठान (22) निवासी खजराना है।
छात्रा के अनुसार, पहचान सामने आने के बाद आरोपी ने शादी के लिए धर्म परिवर्तन करने की शर्त रख दी। छात्रा ने विरोध किया तो उसके निजी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। आरोपी ने उसे प्रताड़ित कर धार्मिक रीति-रिवाजों का पालन करने के लिए मजबूर किया। छात्रा के गर्भवती होने पर आरोपी ने दबाव बनाकर गर्भपात की दवाइयां दीं। कई दिनों तक ये सब चलने के बाद छात्रा अपने घर लौट आई।
घर पहुंचने के बाद छात्रा ने अपने परिवार वालों को आपबीती सुनाई। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। टीआइ यादव ने बताया, आरोपी पर बलात्कार, ब्लैकमेलिंग व मप्र धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम की धाराओं में केस दर्ज कर गिरफ्तार किया है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि जब उसने विरोध किया और पुलिस में शिकायत करने की बात कही, तो आरोपी ने उसका वीडियो वायरल करने की धमकी दी। इसके बाद वह लगातार उसे ब्लैकमेल कर शारीरिक शोषण करता रहा। आखिरी बार सितंबर में भी आरोपी ने उसे जबरदस्ती अपने घर ले जाकर संबंध बनाए।
छात्रा ने आरोपी पर कई इन्य गंभीर आरोप भी लगाए है। पीड़िता ने आरोपी पर जबरन बुर्का पहनाने, एमडी ड्रग का नशा कराने, प्रेग्नेंसी टेस्ट कराने और गर्भपात की दवाइयां देने के आरोप भी लगाए हैं। साथ ही धार्मिक स्थल पर ले जाकर जबरन कलमा पढ़वाने का भी आरोप लगाया है। पीड़िता ने इनसे जुड़े कुछ फोटो और सबूत भी पुलिस को सौंपे हैं।
वहीं इंदौर के भंवरकुआं थाना क्षेत्र में सरेआम युवती से मारपीट के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। टीआइ संतोष दुधी के मुताबिक, युवती की शिकायत पर आरोपी राहुल को मोबाइल लोकेशन के आधार पर पकड़ा है। आरोपी ने युवती से रुपए के लेनदेन की बात पर मारपीट कर दी थी। शिकायत के बाद मामला संज्ञान में आया। इस दौरान सोशल मीडिया पर युवती से मारपीट का वीडियो भी वायरल हो रहा था।