इंदौर

बेटी को ढूंढने निकला पिता, जिंदा नहीं लौटा! गुस्साए लोगों ने मानपुर हाईवे किया जाम, बुलडोजर एक्शन की मांग

Father Murder Case : बेटी की तलाश में गए पिता की हत्या के बाद क्षेत्र में आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों और परिजन ने शव हाईवे पर रखकर चक्काजाम किया। आरोपियों के मकान पर बुलडोजर चलाने की मांग को लेकर अड़े रहे परिजन। इस दौरान आधे घंटे तक हाईवे का यातायात थमा रहा।
2 min read
• •
Updated: 18 Nov 2026, 3:33 PM IST
Father Murder Case
ग्रामीणों ने मानपुर थाने के सामने हाईवे किया जाम (फोटो सोर्स: Patrika)

Indore News : बेटी की तलाश में निकले पिता की पीट-पीटकर हत्या किए जाने के बाद मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के महु में स्थित मानपुर में बुधवार को ग्रामीणों का आक्रोश सड़कों पर उतर आया। पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव लेकर मानपुर थाने पहुंचे परिजन और ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारी हत्या के सभी आरोपियों के मकान ध्वस्त करने की मांग पर अड़े रहे। करीब आधे घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बाद में थाना प्रभारी के आश्वासन पर परिजनों ने शव सड़क से हटाया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका।

बुधवार को मृतक महेश भूरिया का शव लेकर बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण मानपुर थाने के सामने पहुंचे। यहां उन्होंने शव को नेशनल हाईवे के बीच रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजन की मांग थी कि, महेश की हत्या में शामिल आरोपियों के मकानों को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त किया जाए। चक्काजाम की सूचना पर थाना प्रभारी अरुण कुमार सोलंकी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। परिजन आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होने तक प्रदर्शन खत्म करने को तैयार नहीं थे।

कलेक्टर को पत्र लिखने के आश्वासन पर हटाया शव

ग्रामीणों ने मानपुर थाने के सामने हाईवे किया जाम (फोटो सोर्स: Patrika)

थाना प्रभारी अरुण कुमार सोलंकी ने परिजन को आश्वस्त दिया कि, आरोपियों के मकानों और अवैध निर्माण की जानकारी लेकर नियमानुसार कार्रवाई के लिए कलेक्टर को पत्र लिखेंगे। पुलिस की ओर से सख्त कार्रवाई का भरोसा मिलने के बाद परिजन के साथ - साथ ग्रामीण शांत हुए। उन्होंने शव को सड़क से हटाया, जिसके बाद करीब आधे घंटे से बाधित हाईवे पर यातायात फिर शुरू हो सका।

बेटी को तलाशने पहुंचे पिता पर किया था हमला

ग्राम भिचौली में रहने वाले 35 वर्षीय महेश पिता घनश्याम भूरिया की बेटी निक्की गांव के ही जादू सिंह की पत्नी कविता और उसकी बेटी के साथ मजदूरी करने जाती थी। मंगलवार शाम निक्की घर नहीं लौटी तो महेश उसकी तलाश में जादू सिंह के घर पहुंचा। यहां बेटी के बारे में पूछताछ करने पर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि, जादू सिंह और उसके परिवार के सदस्यों ने महेश के साथ गाली-गलौच और मारपीट शुरू कर दी।

लोहे की रॉड और चेन स्पॉकेट से किया हमला

विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने महेश को दीवार की ओर धक्का देकर दबा दिया। इसके बाद जादू सिंह, उसकी पत्नी कविता, बेटे आयुष, अंजू और दामाद श्रवण ने मिलकर लोहे की रॉड और मोटरसाइकिल के चेन स्पॉकेट से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में गंभीर चोटें आने से महेश की मौत हो गई। टीआई सोलंकी ने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Updated on:
18 Nov 2026, 3:33 PM IST
Published on: