
Drug supply in indore: एमपी के इंदौर शहर में कनाड़िया पुलिस ने एक लग्जरी कार से एमडी ड्रग्स की सप्लाई करने आए दो युवको को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 5.6 ग्राम एमडी ड्रग्स और कार जब्त की गई है, जिसकी कुल कीमत करीब 11.50 लाख आंकी गई है। जोन 02 एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह ने बताया, कनाड़िया पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि तड़के करीब 2 से 2.30 बजे के बीच दो युवक कार से होटल के आगे सर्विस रोड पर किसी को ड्रग्स सप्लाई करने आने वाले है।
सूचना की तस्दीक होते ही थाना प्रभारी सहर्ष यादव के नेतृत्व में टीम ने मौके पर घेराबंदी की। संदिग्ध कार को रोककर जब दो युवकों की तलाशी ली गई तो उनके पास से पॉलीथिन जीपर में सफेद रंग का पाउडर मिला, जो जांच में प्रतिबंधित एमडी ड्रग्स निकला। पकड़े गए आरोपियों की पहचान साजिद कुरैशी (34) निवासी इलियास कॉलोनी, खजराना और इसराडल पटेल (21) निवासी न्यू हीना पैलेस कॉलोनी, खजराना के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
कुछ दिन पहले ही थार में कथित तौर पर MD ड्रग्स की तस्करी कर रहे 4 आरोपियों को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार, वाहन से 23.73 ग्राम MD ड्रग्स बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2.30 लाख बताई गई है। थार वाहन समेत कुल 21.30 लाख का मशरूका जब्त किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में इवेंट मैनेजमेंट और ग्राफिक डिजाइन से जुड़े युवक भी शामिल हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ड्रग्स की सप्लाई कहां से हो रही थी और इसका नेटवर्क किन-किन लोगों तक फैला हुआ है।
एक अन्य मामले में पुलिस को चकमा देने के लिए बदमाश नए तरीके तलाश रहे हैं। टीम ने भ्रमण के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से 17 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई है। डीसीपी राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया, टीम संदिग्धों की चेकिंग कररही थी। टीसीएस चौराहा नंदबाग से राजस्थान पासिंग बाइक पर दो युवक दिखाई दिए।
पूछताछ में उन्होंने अपना नाम दीवान सिंह (33) पिता रतन सिंह और लक्ष्मण सिंह (19) निवासी रतनपुरा खेड़ा, जिला झालावाड़ (राजस्थान) बताया। आरोपियों की तलाशी के दौरान बाइक के टूल बॉक्स से पारदशी पन्नी में 17 ग्राम एमडी ड्रग्स (मेफेड्रोन) बरामद हुआ। आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके स्रोत, सप्लायर व अन्य संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
पूरे मध्यप्रदेश में लगातार ड्रग्स के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी है। इसके बावजूद नशे का कारोबार थमता नजर नहीं आ रहा बीते 10 दिनों में पुलिस ने करीब 2 करोड़ रुपये से ज्यादा के अवैध मादक पदार्थ जब्त किए हैं। ।