
Death of a young man: नदी किनारे बेहोशी की हालत में मिला शव (Photo Source: AI Image)
Dmoh news: एमपी के दमोह जिले के रमपुरा गांव में सोमवार सुबह एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक नदी किनारे बेहोशी की हालत में मिला, जिसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में शोक के साथ-साथ आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो गया है। मृतक की पहचान 24 वर्षीय गोविंद यादव, निवासी रमपुरा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार जिले के नोहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत कनिया घाट ग्राम पंचायत के रमपुरा गांव में लोगों ने परिजनों को सूचना दी कि गोविंद व्यायाम नदी के रमपुरा घाट पर अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की मदद से उसे जिला अस्पताल लेकर आए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के चाचा मोहन यादव ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी फोन पर मिली थी।
उनके अनुसार जब परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे, तब तक गोविंद कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं था। उन्होंने आशंका जताई कि युवक किसी मानसिक तनाव में था और संभव है कि उसने खुद कोई कदम उठाया हो।
वहीं, मामले ने उस वक्त गंभीर मोड़ ले लिया जब मृतक के मामा हृदेश यादव (निवासी सिमरिया) ने गोविंद के पिता महेश यादव पर हत्या का आरोप लगाया। मामा का कहना है कि महेश यादव ने 15 वर्ष पहले उनकी बहन के साथ मारपीट कर उसे छोड़ दिया था, जिसके बाद वह मायके में रहने लगी थी।
बाद में उनकी बहन की दूसरी शादी कर दी गई, जबकि गोविंद अपने पिता के साथ ही रहता था। मामा ने आरोप लगाया कि महेश यादव के दूसरी महिला के साथ संबंध थे और वही महिला घर में रह रही थी। आरोप है कि उस महिला द्वारा गोविंद के साथ मारपीट की जाती थी। उन्होंने आशंका जताई कि संपत्ति हड़पने के उद्देश्य से महेश यादव और उसकी दूसरी पत्नी ने मिलकर गोविंद को खाने में जहर देकर मार डाला।
मृतक की मां ने भी इसी प्रकार के आरोप लगाए हैं। जानकारी के अनुसार गोविंद अपने हिस्से की जमीन बेचकर मामा के घर जाना चाहता था, जिसको लेकर पिता और सौतेली मां के साथ उसका विवाद चल रहा था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। नोहटा थाना प्रभारी अभिषेक पटेल ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
Updated on:
06 Jul 2026 04:31 pm
Published on:
06 Jul 2026 04:31 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
