इंदौर

MP में मंत्री अपनी ही पार्टी के विधायक को बता बैठे ‘कांग्रेसी’, MLA पर लगे आरोपों को बताया सही!

MP News: इंदौर में गुरूवार के दिन तुलसीराम सिलावट ने भाजपा पदाधिकारियों के साथ एक प्रेसवार्ता की थी। यहां वह गलती से अपनी ही पार्टी के विधायक को कांग्रेसी बता बैठे।
2 min read
May 08, 2026
minister tulsiram silawat referred BJP MLA as Congressman mp news
minister referred BJP MLA as Congressman (Patrika.com)

MP News: मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में उस वक्त एक बेहद अजीब और असहज स्थिति पैदा हो गई, जब जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट अपनी ही पार्टी के एक विधायक को कांग्रेसी बता दिया। यहीं नहीं, मंत्री ने विधायक पर महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष द्वारा लगाए गए महिला यौन शोषण के आरोपों को भी सही बताते हुए कहा कि- आरोप सही होंगे, तभी लगाए गए हैं। ये सुनते ही आस पास बैठे भाजपा पदाधिकारियों ने उन्हें टोका जिससे वह असहज हो गए और बात घुमाते हुए उल्टा सवाल पूछने वाले पत्रकार को ही फटकार लगा दी। इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो को शेयर कर पूर्व उप नेता प्रतिपक्ष और अटेर विधायक हेमंत कटारे ने चुटकी ली है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपने ही विधायक को बताया कांग्रेसी

दरअसल, इंदौर में गुरूवार के दिन तुलसीराम सिलावट ने भाजपा पदाधिकारियों के साथ एक प्रेसवार्ता की थी। इस दौरान पत्रकारों ने रतलाम जिले के आलोट से विधायक और पूर्व सांसद चिंतामणि मालवीय पर लगे यौन शोषण के आरोपों के बारे में पूछा। सवाल का जवाब देते हुए मंत्री उन्हें उन्हें विपक्षी नेता समझ बैठे। उन्होंने जवाब देते हुए कहा कि- यह कांग्रेस का अंदरूनी मामला है, आरोप सही होंगे तभी तो लगे हैं। सिपाक्ष जांच होगी। ये सुनते ही आसपास बैठे भाजपा नेताओं ने उन्हें टोका और बताया कि चिंतामणि अपनी ही पार्टी से है और बड़े कद्दावर नेता है। ये सुनते ही मंत्री सिलावट असहज हो गए और बात घुमाने लगे। बाद में जब उन्हें समझ आया तो उन्होंने आलोट विधायक पर लगे आरोपों बेबुनियाद बता दिया। मानती तुलसाराम सिलावट की इस प्रेसवार्ता का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर वायरल हो रहा है।

हेमंत कटारे ने ली चुटकी

मंत्री का वायरल वीडियो को अपने सोशल मीडिया अकॉउंट पर शेयर करते हुए कांग्रेस के अटेर से विधायक हेमंत कटारे ने चुटकी ली। उन्होंने वीडियो शेयर कर पोस्ट में लिखा कि- 'आदरणीय तुलसी सिलावट जी,भाजपा विधायक पर कार्रवाई की बात कहकर आपने आज यह साबित कर दिया कि पार्टी तो बदल गई, लेकिन संस्कार अभी पूरी तरह भाजपा की 'वॉशिंग मशीन' में साफ नहीं हो पाए हैं। कटारे ने चुटकी लेते हुए लिखा- सत्ता और पद की राजनीति आपको भले भाजपा में ले गई हो, मगर मन के कोने में कांग्रेस की विचारधारा आज भी सुरक्षित रखी हुई है।

अटेर विधायक ने अंत में कहा कि- अच्छा लगा यह देखकर कि कांग्रेस के दिए हुए आदर्श अब भी आपकी सोच और बयान में बीच-बीच में झलक ही जाते है। वरना आजकल तो लोग कुर्सी बदलते ही विचारधारा भी बदल लेने का दावा करने लगते हैं।

आलोट विधायक पर लगे गंभीर आरोप

बता दें कि, मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बौरासी सेतिया ने विधायक चिंतामणि मालवीय पर महिला यौन शोषण जैसा गंभीर आरोप लगाया है। इस आरोप के जवाब मे विधायक मालवीय ने 10 करोड़ रुपए की मानहानि का नोटिस भेजकर इसे एक राजनीतिक साजिश करार दिया है।

Published on:
08 May 2026 05:10 pm