
District Panchayat Chairman reprimanding Dilip Buildcon employee (फोटो-Patrika.com)
(रिपोर्ट- राजेश विश्वकर्मा, राजगढ़)
mp news: मध्य प्रदेश में सोशल मीडिया में इन दिनों जिला पंचायत अध्यक्ष चंदरसिंह सौंधिया का एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। जिसमें वे दिलीप बिल्डकॉन कंपनी के कर्मचारी को कह रहे हैं कि कान खोलकर सुन लो, किसी भी किसान ने शिकायत की तो तुम लोगों को उल्टा टांग दूंगा। राजगढ़ जिले के बांकपुरा गांव में जमीन विवाद को लेकर जिला पंचायत अध्यक्ष सौंधिया तीखे तेवर में नजर आ रहे हैं। उन्होंने गांव वालों को बेघर करने की कोशिशों पर नाराजगी जताते हुए महापंचायत बुलाने की चेतावनी भी दी है।
ग्रामीणों के बीच बुधवार को पहुंचे सौंधिया ने मोबाइल पर बात करते हुए कहा कि आज के बाद किसी गांव वाले ने शिकायत कर दी तो उल्टा लटका दूंगा। गांव वालों पर दादागिरी नहीं चलेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी प्रशासन और पुलिस के दम पर ग्रामीणों पर दबाव बना रही है। क्या अंग्रेजों जैसे दबाव बनाओगे? जैसे उन्होंने लूटा ऐसे इन गरीबों को लूटोगे, ऐसा मत सोचना इनके साथ कोई नहीं है, मैं इनके साथ खड़ा हूं। उन्होंने कहा कि तुम्हारे मालिक से कहा देना वह कितने ही बड़े आदमी हो, किसी भी गांव वालों से बदतमीजी की तो काचरी का टीन-टप्पर सब उठवा दूंगा। तुम लोग शासन-प्रशासन से मिलकर झूठी एफआइआर इन लोगों पर करवा रहे हो। हमारे इलाके में आकर हमारे लोगों को डरा रहे हो।
सौंधिया ने वीडियो में दावा किया कि प्रस्तावित परियोजना की जद में करीब 50 मकान और एक स्कूल आ रहा है। उन्होंने कहा कि जिन जमीनों पर ग्रामीण वर्षों से खेती कर रहे हैं, वहां अब कब्जे की कोशिश की जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि गरीब लोग आखिर जाएंगे कहां? उन्होंने यह भी कहा कि ग्रामीणों को अनाथ न समझा जाए और पूरे जिले के किसानों की महापंचायत बुलाकर मामले को उठाया जाएगा।
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि दिलीप बिल्डकॉन यहां बायो फ्यूल पम्प स्थापित करने वाला है, जिसके लिए नेपियर घास उगाई जाना है। उसी के लिए जमीन चाहिए लेकिन जिस जमीन को लेकर विवाद है, उस पर लंबे समय से ग्रामीण खेती कर रहे हैं। उनके पूर्वज यहां खेती करते आए हैं लेकिन दिलीप बिल्डकॉन वालों ने प्रशासन, पुलिस से मिलकर विक्रय निषेध वाली जमीन की भी अनुमति हासिल कर ली। अधिकारियों को रुपए खिलाकर यह फर्जीवाड़ा किया है। उन्होंने कहा कि कंपनी के लोग पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और कब्जे की कोशिश की गई, जिससे ग्रामीणों में डर का माहौल है।
जिला पंचायत अध्यक्ष का यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर ट्रेंड कर रहा है। साथ ही जिलेभर में चर्चा का विषय बना हुआ है। ग्रामीणों और संभावित विस्थापन को लेकर चिंता बढ़ गई है। फिलहाल प्रशासन या कंपनी की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। जिपं अध्यक्ष ने जरूर तमाम प्रकार के आरोप इस मामले में लगाए हैं।
Updated on:
07 May 2026 08:13 pm
Published on:
07 May 2026 08:13 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
