indore modern hatyari holika dahan- संतान की हत्या की आरोपी माताओं का पुतला दहन करेगी पौरुष संस्था
Holi- होली का महापर्व पास आ चुका है। देश-दुनिया की तरह एमपी में भी 3 मार्च को होली मचाई जाएगी। इससे पूर्व 2 मार्च की रात को होलिका दहन होगा। इस मौके पर इंदौर में अनोखा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यहां होलिका दहन के रूप में ऐसी महिलाओं का पुतला जलाया जाएगा जिनपर अपनी ही संतान को मार डालने के आरोप हैं। इसे ‘मॉडर्न हत्यारी होलिका दहन’ का नाम दिया गया है। यह अनोखा होलिका दहन कार्यक्रम इंदौर की पौरुष संस्था के तत्वावधान में आयोजित किया जाएगा। संस्था पदाधिकारियों के मुताबिक जिस प्रकार होलिका ने भक्त प्रह्लाद को जिंदा जलाने की कोशिश की थी, उसी तरह आज कुछ औरतें गंभीर अपराधों में लिप्त हैं। संस्था इसे उजागर कर सामाजिक जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘मॉडर्न हत्यारी होलिका दहन’ कर रही है।
इंदौर के महालक्ष्मी नगर मेला ग्राउंड पुष्प विहार कॉलोनी मेन रोड पर 2 मार्च को अनोखा नजरा दिखाई देगा। यहां
11 चेहरों वाली “मॉडर्न हत्यारी होलिका दहन” होगी। शाम 4 बजे से 6:30 बजे के बीच यह कार्यक्रम होगा।
पौरुष संस्था मुख्यत: मेन्स राइट्स के लिए कार्यरत है। संस्था के अध्यक्ष एडवोकेट अशोक दशोरा बताते हैं कि देशभर में कई महिलाओं पर अपनी ही संतान की हत्या कर देने के बेहद गंभीर और शर्मनाक आरोप लगे हैं। सामाजिक संदेश देने के लिए इन आरोपी महिलाओं के प्रतीक के रूप में पुतले का दहन किया जाएगा।
कुल 11 महिलाओं का पुतला जलाया जाएगा जिनमें बेंगलुरु की चर्चित महिला सीईओ को प्रमुख स्थान दिया गया है। उन पर अपने चार साल के बेटे की हत्या का आरोप था। संस्था का मानना है कि समाज में महिलाओं द्वारा किए जानेवाले आपराधिक मामलों की तेजी से होती बढ़ोत्तरी पर चर्चा जरूरी है। इसी मकसद से होलिका दहन में सामाजिक संदेश देने की कोशिश की है।