इंदौर

MP News: जन्मदिन का केक-गिफ्ट लेकर घर लौटे तो बेटी फांसी पर लटकी मिली

MP News: जन्मदिन पर कपड़े खरीदने के लिए 16 साल की छात्रा ने पिता से मांगे थे 5 हजार रुपये, पिता ने 3 हजार रुपये दिए थे और कहा था अभी इतने ही पैसे हैं।

2 min read
Apr 30, 2026
indore
16 Year Old Girl Found Hanging at Home on Birthday Eve Family in Shock

MP News: मध्यप्रदेश के इंदौर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, यहां 11वीं क्लास में पढ़ने वाली 16 साल की छात्रा ने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना के वक्त छात्रा घर में अकेली थी, एक दिन बाद ही छात्रा का जन्मदिन था और जब परिवार वाले केक और गिफ्ट लेकर घर लौटे तो बेटी को फांसी पर लटका देख उनके पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई। बेटी के खुदकुशी करने से परिजनों पर रो-रोकर बुरा हाल है।

पिता से कपड़ों के लिए मांगे थे 5 हजार रुपये

इंदौर शहर के छोटी ग्वालटोली क्षेत्र में रहने वाली 16 वर्षीय छात्रा वंशिका बरोले 11वीं क्लास की छात्रा थी। गुरुवार को वंशिका का जन्मदिन था और उसने बुधवार को कपड़े खरीदने के लिए पिता मिश्रीलाल बरोले से 5 हजार रुपये मांगे थे। पिता ने वंशिका को 3 हजार रुपये दिए थे और कहा था कि अभी उनके पास इतने ही पैसे हैं। 2 हजार रुपये कम मिलने के कारण वंशिका नाराज थी। परिवार को एक शादी में जाना था, परिजनों के मुताबिक वंशिका ने शादी में चलने से इंकार कर दिया था और वो घर पर ही अकेली रुक गई थी।

केक-गिफ्ट लेकर लौटे तो फांसी पर लटकी मिली

बुधवार देर शाम को जब परिजन वंशिका के बर्थ-डे का केक और गिफ्ट लेकर वापस लौटे तो घर के कमरे में वंशिका फांसी पर लटकी हुई थी। बेटी को फांसी के फंदे पर झूलता देख परिजनों के पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट न मिलने की जानकारी मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतका वंशिका के पिता ऑटो मैकेनिक हैं और उनकी आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है।

बर्थ-डे के दिन उठी अर्थी

परिवार के सदस्य वंशिका के बर्थ-डे की तैयारी कर रहे थे, लेकिन वंशिका के खुदकुशी करने से परिवार की खुशियां मातम में बदल गई हैं। जिस दिन वंशिका का जन्मदिन था उसी दिन परिजन ने उसका अंतिम संस्कार किया। वंशिका ने खुदकुशी जैसा बड़ा कदम क्यों उठाया फिलहाल इसका खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती पूछताछ में बर्थ-डे के कपड़ों के लिए 5 हजार रुपये मांगने और पिता द्वारा 3 हजार रुपये देने से छात्रा के दुखी होने का पता चला है फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

Published on:
30 Apr 2026 05:04 pm