mp news: लहसुन के कम दाम मिलने पर भड़के किसान, चोइथराम मंडी में किया जमकर हंगामा।
mp news: मध्यप्रदेश के इंदौर शहर की प्रमुख देवी अहिल्याबाई होलकर फल एवं सब्जी थोक मंडी में गुरुवार के दिन नीलामी के दौरान लहसुन के कम दाम मिलने से किसानों ने हंगामा कर दिया। मंडी गेट पर किसान एकजुट हुए और मंडी के गेट पर चक्का जाम कर दिया जिसके कारण कुछ देर तक मंडी में नीलामी बंद रही। इस दौरान किसानों ने लहसुन के दामों में अचानक गिरावट के खिलाफ किसानों और व्यापारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया।
इस वर्ष की शुरुआत में लहसुन के दाम 7500 से 9000 रुपए प्रति क्विंटल तक पहुंच गए थे। लेकिन, हाल ही में दामों में तेज उतार-चढ़ाव देखा गया। बुधवार तक जो लहसुन 7000 से 8000 रुपए प्रति क्विंटल के भाव में बिक रहा था। गुरुवार को उसका दाम अचानक घटकर 4000 से 5000 रुपए प्रति क्विंटल हो गया। जब किसानों ने नीलामी में लहसुन का भाव सुना तो वो भड़क गए। किसानों का कहना है हमें भाव की सही जानकारी नहीं मिली है। मंडी में कुछ लोग भाव ऊंचा बताते हैं लेकिन नीलामी में भाव कम रहता है। उन्होंने कहा कि लहसुन की खेती पर पहले ही लागत अधिक आती है। अब ऐसे दाम मिलने से उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर हो रही है। किसानों ने कहा कि हम इतनी कीमत पर लहसुन नहीं बेचेंगे। व्यापारियों ने भी किसानों का समर्थन किया।
मंडी के अधिकारियों और व्यापारियों ने मौके पर पहुंचकर किसानों से बातचीत की और समस्या को सुलझाने का प्रयास किया। मंडी अधिकारी ओमप्रकाश खेड़ा का कहना है कि लहसुन की कीमत उसकी गुणवत्ता पर निर्भर करती है। इस बार अधिकांश किसानों का लहसुन अपेक्षित गुणवत्ता का नहीं था, जिसके कारण दाम कम मिले हैं। इसके साथ ही अभी लहसुन की आवक ज्यादा है इसके कारण भी लहसुन का भाव कम हुआ है।