MP News: शराब के नशे में पहले तो पति ने पत्नी के साथ मारपीट की और फिर उसके संवेदनशील अंग में मिर्ची डाल दी, महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका इलाज चल रहा है।
MP News: मध्यप्रदेश के इंदौर से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक महिला के साथ उसके पति ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। आरोपी पति महिला के चरित्र पर संदेह करता है और उसे शक है महिला का शादी से पहले किसी से प्रेम संबंध था। आरोपी पति ने शराब के नशे में पहले तो पत्नी के साथ मारपीट की और फिर उसके संवेदनशील अंग (प्राइवेट पार्ट) में मिर्ची डाल दी। महिला दर्द से तड़प कर चीख उठी जिसके बाद आरोपी पति उसे मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। महिला की चीखें सुनकर बेटा व ननद मौके पर पहुंचे तो महिला को अस्पताल पहुंचाया जहां उसका इलाज चल रहा है।
अस्पताल में भर्ती पीड़िता किरन (बदला हुआ नाम) ने पुलिस को दिए बयान में बताया है कि वो सिलाई का काम करती है। शनिवार रात को जब वो घर पर थी तब पति शराब के नशे में घर आया और विवाद करने लगा। पीड़िता के मुताबिक पति को शक है उसके शादी से पहले किसी मर्द के साथ संबंध थे। इसी बात को लेकर पति उससे विवाद करने लगा और अपशब्द कहने लगा। पति शराब के नशे में था इसलिए उसने पति को कोई जवाब नहीं दिया और चुपचाप सबकुछ सुनती रही, लेकिन उसकी खामोशी से पति की हिम्मत और बढ़ गई और पति ने उसके साथ जानवरों की तरह बर्ताव करते हुए हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं।
पीड़िता किरन (बदला हुआ नाम) ने पति की हैवानियत के बारे में रोते हुए बताया कि पति ने पहले तो उसके साथ पानी भरने वाले पाइप से मारपीट की और जब वो जमीन पर गई तो मिर्च पाउडर लाकर उसके संवेदनशील अंग में डाल दिया। संवेदनशील अंग में मिर्ची डाले जाने से वो दर्द से तड़प उठी और जोर जोर से चीखी। आवाज सुनकर घर में मौजूद किरन का बेटा व ननद तुरंत उसके कमरे में आए लेकिन तब तक पति भाग चुका था। इसके बाद उसे अस्पताल लाया गया। परिजन पहले महिला को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहां से हालत बिगड़ने पर एमवाय अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल महिला किरन एमवाय अस्पताल में भर्ती है और उसका इलाज चल रहा है। वारदात के बाद आरोपी पति फरार है जिसकी पुलिस तलाश कर रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने की बात कह रही है।