इंदौर

शादी में ‘बिन बुलाए मेहमानों’ ने मचाया हंगामा, घरातियों-बारातियों से की मारपीट

MP News: आरोपियों ने डंडों और लात-घूंसों से बारातियों-घरातियों से की मारपीट, एक बुजुर्ग सहित 6 लोग घायल।
2 min read
Apr 22, 2026
wedding ceremony clash
wedding ceremony clash (demo pic)

MP News: मध्यप्रदेश के इंदौर में बीती रात एक शादी के दौरान जमकर हंगामा हुआ। घटना तेजाजी नगर क्षेत्र की है जहां एक शादी समारोह में देर रात उस वक्त हंगामा मच गया जब आपस में विवाद कर रहे कुछ युवक लड़ते-भिड़ते शादी के मंडप में जा घुसे। लड़ रहे युवकों को जब बारातियों व घरातियों ने रोकने की कोशिश की तो आरोपियों ने उनके साथ भी डंडों और लात-घूंसों से मारपीट की और मंडप में रखीं कुर्सियां-टेबल तोड़ दीं। हमले में एक बुजुर्ग सहित 6 लोग घायल हो गए। हमले के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए।

मंडप में लड़ते-झगड़ते पहुंचे युवकों ने मचाया हंगामा

थाना तेजाजी नगर पुलिस के मुताबिक घटना कल रात 12.15 बजे ग्राम माचला में हुई। यहां शादी की खुशियां चीख-पुकार और मातम में बदल गईं। पुलिस ने फरियादी जगराम पिता रतन बंजारा (50) मूल निवासी गोगावां जिला खरगोन की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच में ले लिया है। फरियादी जगराम ने पुलिस को बताया कि वे ग्राम माचला में मनीषा की शादी में आए थे। मनीषा के फेरो की तैयारी चल रही थी। तभी आरोपी आपस में लड़ते-झगड़ते हुए सीधे मंडप में घुस आए। जब घरातियों ने उन्हें मंडप से दूर जाने को कहा तो आरोपियों ने गालियां देना शुरू कर दी। उन्होंने लात-घूंसों और डंडे से हमला कर दिया। इससे शादी के मंडप में हड़कंप मच गया। बदमाशों ने मंडप में रखी कुर्सियां-टेबल उठाकर फेंकी और तोड़ दीं।

एक बुजुर्ग सहित 6 लोग घायल

फरियादी जगराम ने पुलिस को बताया कि मारपीट में उसे आंख के पास चोट आई। जबकि 70 वर्षीय समधी लक्ष्मण बंजारा को सिर, चेहरे, हाथ, गर्दन और पीठ पर चोट लगी। इसी तरह समधन गंगाबाई को कमर और पीठ में चोट आई। लक्ष्मण के बेटे जगदीश को सिर, चेहरे व हाथ, कलाबाई को चेहरे पर और पुरकिया उर्फ प्रेम चौहान को कंधे और कनपटी पर चोट आई। शोर सुनकर अन्य लोग बीच-बचाव करने आए तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और मौके से भाग गए।

पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल ले जाया गया। घायल बुजुर्ग लक्ष्मण की हालत गंभीर बताई गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि शादी के वीडियो और मोबाइल फोन के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं जिससे आरोपियों के बारे में सुराग मिल सके।

Updated on:
22 Apr 2026 05:34 pm
Published on:
22 Apr 2026 05:34 pm