mp news: युवक ने सोशल मीडिया स्टेटस पर परिवार से माफी मांगते हुए संदेश भी लिखा है, उसने अपनी मंगेतर के लिए लिखा- हालातों के कारण तेरा साथ छोड़ना पड़ रहा है।
mp news: मध्यप्रदेश के इंदौर में खजराना थाना क्षेत्र की सम्राट कॉलोनी में रहने वाले युवक ने गुरुवार सुबह फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक का नाम फरमान पठान (21) है, जिसने अपने ही घर में फांसी लगाकर खुदकुशी की है। परिवार वालों ने बताया कि फरमान ने रोजा रखा था, सेहरी करने के बाद वो कमरे में गया और अपनी जान दे दी। खुदकुशी करने से पहले फरमान ने अपने सोशल मीडिया पर एक स्टेटस डाला था जिसमें उसने परिवार से और कर्जदारों से माफी मांगने के साथ ही मंगेतर का साथ छोड़ने की बातें लिखी हैं।
परिवार वालों ने बताया कि फरमान ने रोजा रखा था वो गुरुवार सुबह सेहरी करने के लिए उठा था, उसने सेहरी की और फिर वापस अपने कमरे में सोने के लिए चला गया। कुछ देर बाद जब फरमान की मां कमरे में पहुंची तो फरमान फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। मां ने तुरंत परिवार के लोगों को बुलाया, इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने फरमान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
फरमान ने खुदकुशी करने से पहले अपने सोशल मीडिया पर स्टेटस में एक संदेश पोस्ट किया है। उसमें फरमान ने लिखा है कि वो ये अपनी मर्जी से जान दे रहा है, किसी को दोष न दिया जाए। उसने परिवार से माफी मांगते हुए लिखा है मेरे जाने के बाद सब मिलकर रहें और भाई मम्मी-पापा का ध्यान रखना। फरमान ने अपनी मंगेतर के लिए लिखा है- मैं तुमसे बहुत प्यार करता हूं, जिंदगीभर साथ निभाने का वादा किया था लेकिन हालात ऐसे बन गए हैं कि उसका साथ छोड़ना पड़ रहा है। फरमान ने कर्ज लेने वाले लोगों से भी माफी मांगी है। फरमान प्लंबिंग का काम करता था और उसके पिता नगर निगम में सुपरवाइजर हैं।