इंदौर

एमपी को मिलेगी ‘300 करोड़’ के सोलर प्लांट की सौगात, CM करेंगे उद्घाटन

MP News: ये प्लांट नर्मदा किनारे जलूद की 210 एकड़ जमीन तैयार किया गया है जहां से नर्मदा के पानी को पंपिंग कर इंदौर लाया जाता है।
2 min read
Apr 28, 2026
Municipal Corporation solar plant
Municipal Corporation solar plant प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source - Patrika)

MP News: इंदौर में 300 करोड़ की लागत से नगर निगम का सोलर प्लांट बनकर तैयार हो गया है जिसका उद्घाटन बुधवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करने जा रहे है। प्लांट से 60 मेगावाट बिजली पैदा होगी जिससे निगम को नर्मदा लाने में होने वाले बिजली के खर्च में 50 करोड़ रुपए की बचत होगी। कार्यक्रम को लेकर महापौर और उनकी टीम जुट गई है तो सभी पार्षदों को भीड़ जुटाकर लाने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार की शाम 5 बजे जलूद में बने सोलर ह्रश्वलांट का उद्घाटन करेंगे जिसको लेकर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने आज सुबह पार्षदों की बैठक बुलाई थी।

ये प्लांट नर्मदा किनारे जलूद की 210 एकड़ जमीन तैयार किया गया है जहां से नर्मदा के पानी को पंपिंग कर इंदौर लाया जाता है। 60 मेगावाट की क्षमता वाले इस प्लांट से बनने वाली बिजली से हर माह निगम को 4 से 5 करोड़ रुपए की बचत होगी। महापौर भार्गव ने सभी पार्षदों को 15 से 20 लोगों को कार्यक्रम में लेकर आने का आग्रह किया। कहना था कि इस परिषद का सबसे बड़ा और अनूठा काम है जिसने देश में इंदौर को नई पहचान भी दिलाई। क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों व प्रमुख कार्यकर्ताओं को लेकर जाना चाहिए ताकि उन्हें भी दिखाया जा सके।

जनभागीदारी की बना बड़ी मिसाल

महापौर पुष्यमित्र भार्गव के मुताबिक 300 करोड़ का ये प्रोजेक्ट जनभागीदारी की बड़ी मिसाल है। प्लांट के लिए 40 करोड़ रुपए की केंद्र सरकार से ग्रीन सब्सिडी तो 20 करोड़ रुपए कार्बन क्रेडिट से मिले। 240 करोड़ रुपए जुटाने के लिए ग्रीन बांड जारी किए गए। उसमें लोगों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। हर माह इंदौर नगर निगम को 25 करोड़ रुपए बिजली के लगते हैं जिसमें 4 से 5 करोड़ रुपए की अब कमी आएगी।

प्रोजेक्ट पर एक नजर…

  • रेस पॉवर इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी ने काम लिया जिसे 10 साल तक प्लांट का संचालन-संधारण करना है।
  • 60 मेगावाट बिजली उत्पादन क्षमता वाले प्रोजेक्ट में 1.23 लाख सोलर मॉड्यूल, 21 इनवर्टर, 7 इनवर्टर ड्यूटी ट्रांसफॉर्मर, 2 पावर ट्रांसफॉर्मर और अन्य आधुनिक यंत्र लगे हैं।

ये है एमपी के सोलर प्लांट

-रीवा अल्ट्रा मेगा सोलर प्लांट: रीवा जिले की गुढ़ तहसील में स्थित यह 750 मेगावाट का प्लांट भारत के सबसे बड़े सौर पार्कों में से एक है।

- ओंकारेश्वर फ्लोटिंग सोलर प्रोजेक्ट: खंडवा जिले में ओंकारेश्वर बांध के जलाशय पर 600 मेगावाट का यह प्लांट बन रहा है।

-मुरैना सोलर प्लस स्टोरेज प्लांट: यह 3000 हेक्टेयर जमीन पर विकसित होने वाला पहला एकीकृत प्लांट होगा, जो रात में भी बिजली प्रदान करेगा।

-सोलर पंप योजना: इसके अंतर्गत किसानों को सोलर पंप पर 90% तक की सब्सिडी मिलती है, जिससे डीजल पंपों का खर्च कम हो सके।

Updated on:
28 Apr 2026 06:03 pm
Published on:
28 Apr 2026 06:02 pm